सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में आज सुबह फिर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर का बल्ला बोला। ओपनिंग शतकीय साझेदारी की बदौलत दिल्ली ने आज हरियाणा को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। दिल्ली लगातार अपने चारों मुकाबले जीतकर नाक आउट दौर में पहुंच गया है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 16 स्थित स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में हरियाणा ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाए। 141 रन का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम के ओपनर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने तेज शुरुआत की।
वीरेंद्र सहवाग मात्र एक रन से अर्धशतक बनाने से चूक गए और 49 रन पर आउट हो गए। उसके बाद गौतम के नाबाद 75 रन और उनमुक्त चंद के नाबाद 7 रन की बदौलत दिल्ली ने एक विकेट पर लक्ष्य पूरा कर लिया। दिल्ली का कल का मुकाबला मात्र औपचारिकता रह गया है।