इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच लीड्स में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच बेहद रोमांचक हो गया है। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने चौथे दिन के अंतिम दिन सत्र में मात्र 18 रन पर 5 बड़े विकेट झटककर अपनी टीम की मैच में वापसी करा दी है।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज जीतने के लिए दोनों टीमों को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। लॉर्ड्स में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
मैच के चौथे दिन चायकाल के कुछ देर बाद श्रीलंका की पूरी टीम 457 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरी पारी के आधार पर इंग्लैंड के सामने 350 रनों का मुश्किल सा लक्ष्य रखा। श्रीलंका ने पहली पारी में 257 रन बनाए थे, इसके बाद इंग्लैंड 365 रन बनाकर आउट हो गया। इंग्लैंड अगर यह लक्ष्य हासिल कर लेता है तो यह उसके लिए रिकॉर्ड होगा।
प्रसाद के झटकों से पस्त हुआ इंग्लैंड
श्रीलंकाई पारी का अंत होने के बाद इंग्लैंड की पारी की शुरुआत सैम रॉबसन और कप्तान एलिस्टर कुक ने की और दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़ भी लिए। लेकिन तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद ने कुक को बोल्ड कर इंग्लैंड को पहला झटका दे दिया।
इस शुरुआती झटके के बाद इंग्लैंड संभल ही नहीं सका। कुक के जाने के बाद अगली ही गेंद पर गैरी बालांस भी खाता खोले बगैर ही आउट हो गए।
इसके बाद 24 रन बनाकर खेल रहे ओपनर रॉबसन को प्रसाद ने अपना शिकार बना लिया। इयान बेल (8) भी प्रसाद के तीसरे शिकार बने। संकटों से जूझ रहे इंग्लैंड को प्रसाद ने एक और झटका देते हुए लियम फ्लेंकेट (0) को आउट करा दिया। महज 18 रन के अंदर 5 विकेट गंवाने से शेष बल्लेबाजों पर मैच बचाने का दबाव आ गया है। वहीं श्रीलंका के लिए यह ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 5 विकेट और चाहिए।
मैथ्यूज के शतक ने श्रीलंका को संभाला
इससे पहले श्रीलंका की दूसरी पारी में कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (160) ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
277 रन पर 7 विकेट गिर जाने के बाद श्रीलंकाई टीम मुश्किल में दिख रही थी लेकिन मैथ्यूज ने यहां से पुछल्ले बल्लेबाज रंगाना हेराथ (48) के साथ मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए 36.2 ओवर में 149 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हेराथ ने मैथ्यूज का भरपूर साथ दिया और 48 रन बनाए। महेला जयवर्धने ने भी 79 रन का महत्वपूर्ण योगदान किया।
मैथ्यूज के शतक के दम पर श्रीलंका चायकाल के बाद 457 रन बनाकर आउट हो गया। इस आधार पर श्रीलंका ने मेजबान टीम को 350 रनों का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की ओर से लियम प्लेंकेट ने 4 विकेट झटके, जबकि जेम्स एंडरसन को 3 सफलता हासिल हुई।