फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2613 गेंदें डालकर भी इशांत से पीछे रह गया यह गेंदबाज

Tue, 05 Aug 2014 04:53 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
क्रिकेट जगत में इस समय दो देशों में टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। पहला, टीम इंडिया इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है और उसका अगला मैच 7 अगस्त से मैनचेस्टर में खेला जाना है।
विज्ञापन


जबकि दूसरा पाकिस्तान की क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका में है और 6 अगस्त से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का अपना पहला मैच खेलेगी।

इन टीमों में एक गेंदबाज ऐसा है जिसने इस साल अब तक टेस्ट क्रिकेट में 435 ओवर यानी 2600 से ज्यादा गेंद डाली है। इस दौरान उसने सबसे ज्यादा 33 विकेट भी झटके हैं।

दूसरे नंबर के गेंदबाज से हजार गेंद आगे है यह गेंदबाज

यहां बात हो रही है कि श्रीलंकाई फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ की, जो इस साल जबर्दस्त फॉर्म में हैं। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने इस गेंदबाज पर इतना भरोसा किया कि जब भी टीम संकट में दिखी उन्होंने हेराथ को गेंद थमाई।

उन्होंने अपनी टीम को निराश भी नहीं किया। रंगना हेराथ ने इस साल अब तक कुल 435.3 ओवर यानी 2613 गेंद डाली हैं। वह इस साल सबसे ज्यादा गेंद डालने के मामले में दूसरे स्‍थान पर मौजूद इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन से लगभग एक हजार गेंद आगे हैं। एंडरसन ने अब तक 1692 गेंदें (282 ओवर) डाली हैं।

हेराथ ने 7 मैचों की 14 पारियों में 109 मेडन के साथ 1174 रन देकर 33 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने 2 बार 5 या 5 से ज्यादा विकेट झटके हैं।

जबकि इसी मामले में तीसरे स्‍थान पर एक अन्य श्रीलंकाई गेंदबाज कुशल परेरा हैं जिन्होंने 1640 गेंद फेंकी हैं। चौथे स्‍थान पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (1589) हैं।

शीर्ष 5 गेंदबाजों में हैं रवींद्र जडेजा

इस साल सबसे ज्यादा गेंद डालने के मामले में भारतीय आलराउंडर रवींद्र जडेजा शीर्ष 5 गेंदबाजों में शुमार हैं। उन्होंने अब तक 1389 गेंद डाले हैं।

जडेजा ने 5 टेस्ट मैचों की 9 पारियों में 231.3 ओवर किए हैं जिसमें 41 मेडन डाले और 641 रन खर्च किए। हालांकि उन्हें ज्यादा विकेट नहीं मिले। वह सिर्फ 11 विकेट झटकने में कामयाब रहे। इसी कारण उन्हें टीम में रखने पर कप्तान धोनी की आलोचना की जाती रही।

लेकिन जडेजा गेंदबाजी के अलावा बल्‍लेबाजी में भी ठीकठाक प्रदर्शन कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने लॉर्ड्स में अर्धशतकीय पारी खेली थी।

लेकिन 2 मामले में इशांत शर्मा से पिछड़ गए हेराथ

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा अनफिट होने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ साउथम्‍प्‍टन टेस्ट में नहीं खेल सके थे और उनके मैनचेस्टर में होने वाले अगले टेस्ट मैच में भी खेलने की संभावना नहीं है।

फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ इस साल सबसे ज्यादा ओवर फेंकने के मामले में नंबर वन जरूर हैं लेकिन इस दौरान वह 2 मामले में इशांत शर्मा से पीछे ही हैं।

यूं तो सबसे ज्यादा ओवर फेंकने की लिस्ट में इशांत 10वें स्‍थान पर हैं और उन्होंने 4 मैचों की 7 पारियों में कुल 191 ओवर ही डाले हैं लेकिन इस दौरान उन्होंने 3 बार एक पारी में 5 या 5 से ज्यादा विकेट भी झटके। जबकि हेराथ ने 435 ओवर फेंकने के बावजूद सिर्फ 2 बार ही एक पारी में 5 या 5 से ज्यादा विकेट निकाल सके हैं।

इसके अलावा इशांत के नाम इस साल अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी दर्ज है। लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन करते हुए 74 रन देकर 7 विकेट झटके जो इस सत्र का ओवरऑल बेस्ट प्रदर्शन भी है। जबकि हेराथ क्या अन्य कोई भी गेंदबाज इस प्रदर्शन के करीब भी नहीं ह‌ै।

22 साल पुराना इतिहास दोहराना चाहता है पाकिस्तान

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज बुधवार से शुरू हो रहा है। लेकिन 22 साल हो चुके हैं दोनों टीमों में से कोई भी आपस में हुई टेस्ट सीरीज को लगातार 2 बार जीतने का मौका नहीं बना सकी हैं।

1982 से 1992 के बीच दोनों टीमों के बीच 4 टेस्ट सीरीज खेली गई जिसमें पाकिस्तान ने 3 बार जीत हासिल की और एक सीरीज बराबरी पर खत्म हुई। लेकिन इस समय श्रीलंका की टीम क्रिकेट जगत में उभर रही थी और अर्जुन रणतुंगा की अगुवाई में चमकने के बाद वह एक मजबूत टीम बन गई।

1992 के बाद से दोनों टीमों के बीच 14 सीरीज खेली जा चुकी हैं जिसमें 10 सीरीज बारी-बारी से दोनों टीमों ने जीते हैं। आखिरी टेस्ट सीरीज 2012 में खेली गई थी जिसमें श्रीलंका ने बाजी मारी थी।
विज्ञापन

श्रीलंका के खिलाफ सबसे सफल गेंदबाज हैं अजमल

पाकिस्तान के शीर्ष फिरकी गेंदबाज सईद अजमल श्रीलंका के खिलाफ सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 57 विकेट झटके हैं।

हालांकि इसके पीछे मुख्य कारण यह है कि अजमल ने श्रीलंका के खिलाफ 12 टेस्ट मैच खेले, जबकि अन्य टीमों के खिलाफ 6 से ज्यादा मैच नहीं खेले हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें