हरभजन सिंह ने पहले गेंदबाजी और बाद में बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को पहली पारी में बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया।
पीसीए स्टेडियम मोहाली में पंजाब और ओडिशा की टीमों के बीच खेले जा रहे रणजी ट्राफी मैच के तीसरे दिन मनदीप सिंह 175 रन, तरुवर कोहली के 144 रनों के साथ कप्तान हरभजन सिंह के 49 नाबाद रनों की बदौलत पंजाब ने 6 विकेट पर 560 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
इससे पहले ओडिशा ने पहली पारी 205 रन बनाए थे। पंजाब को पहली पारी के आधार पर 365 रन की बढ़त मिल गई। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर ओडिशा की टीम 2 विकेट पर 110 रन बना चुकी है।
इससे पहले मंगलवार को पंजाब ने 2 विकेट पर 306 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। तरुवर कोहली 109 रन और मनदीप सिंह 116 पर नाबाद ने स्कोर को बढ़ाना शुरू किया।
टीम का स्कोर जब 368 था तो तरुवर कोहली 144 के निजी स्कोर पर गेंदबाज दीपक बहेरा के शिकार हो गए। इसके बाद उदय कौल 2 के निजी स्कोर पर चलते बने। अगले बल्लेबाज मंयक सिद्धाना क्रीज पर पहुंचे।
टीम का स्कोर जब 419 था तो मनदीप सिंह 175 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उनका विकेट आलोक मंगराज को मिला। इसके बाद मंयक सिद्धाना 48 के निजी स्कोर पर गेंदबाज गोबिंद का शिकार हो गए। पंजाब के कप्तान हरभजन सिंह ने क्रीज पर पहुंचते ही आक्रामक रुख अपनाते हुए चौकी बरसात करते हुए 4 चौके और 2 छक्कों की बदौलत 40 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। वहीं, अमितोज सिंह ने नाबाद 56 रन बनाए।
पंजाब ने 6 विकेट पर 560 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। ओडिशा की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज गिरित्त 5 और नटराज बहेरा 8 रन बनाकर संदीप शर्मा के शिकार हो गए।
दो विकेट जल्दी से गिरने के बाद नंरजन बहेरा और गोबिंद ने ओडिशा की पारी को संभाला और खेल खत्म होेने तक और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। गोबिंद 52 रन और नरंजन 42 रन बनाकर नाबाद रहे।