ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के कारनामे ने पिछले दो मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब को लक्ष्य का पीछा करते हुए एक खतरनाक टीम के रूप में स्थापित किया है।
मैक्सवेल हैदराबाद के खिलाफ लगातार तीसरे मैच में स्टार बनकर उभरे हैं। वह भले ही इस मैच में भी नर्वस नाइंटीज के शिकार हुए हों लेकिन उनका बल्ला लगातार सिर चढ़कर बोल रहा है।
शारजाह में 43 गेंदों में 95 रन की नायाब पारी के दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ 5 चौके और 9 छक्के उड़ाए। नौ छक्कों के साथ मैक्सवेल ने किंग्स इलेवन पंजाब के लिए एडम गिलक्रिस्ट के रिकॉर्ड की बराबरी भी की।
गिली के 9 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी की
पंजाब की ओर से खेलते हुए एडम गिलक्रिस्ट के नाम एक मैच में सर्वाधिक 9 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड था, जिसे गिली ने 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ बनाए थे। इस बार यह कारनामा मैक्सवेल ने कर दिखाया है।
मैक्सवेल के अर्द्धशतक की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने 6 विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 19.1 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही उसे पांच गेंद शेष रहते 72 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
यह पंजाब की लगातार तीसरी जीत है जबकि हैदराबाद की लगातार दूसरी हार।
धवन फिर फ्लॉप, वीरू लय में लौटे
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान शिखर धवन एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे। वह 3 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि किंग्स इलेवन पंजाब की ओर तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके।
इससे पहले हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत ठोस रही। ओपनर चेतेश्वर पुजारा और वीरेंद्र सहवाग (30) ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े।
वीरेंद्र सहवाग अपनी स्टाइल में खेलते नजर आए। लेकिन वह अपनी भावनाओं को काबू नहीं रख सके और वह 30 के निजी स्कोर अमित मिश्रा का शिकार हुए। हालांकि उन्होंने 22 गेंदों की अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के उड़ाए।
दूसरी बार शतक से चूक गए मैक्सवेल
वीरेंद्र सहवाग के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे ग्लेन मैक्सवेल ने पहले पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 और उसके बाद डेविड मिलर के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की।
इसके बाद मैक्सवेल ने चौथे विकेट के लिए कप्तान जॉर्ज बैली के साथ न केवल 25 रन की साझेदारी निभाई बल्कि पंजाब के स्कोर 175 के पार पहुंचाया। वह शतक की ओर बढ़ ही रहे थे कि एक बार फिर वह नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। 95 के निजी स्कोर पर अमित मिश्रा ने उन्हें डरेन सैमी के हाथों लपकवाया।
इससे पहले भी वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नर्वस नाइंटीज के शिकार हुए थे। तब उन्होंने ताबड़तोड़ 95 रन बनाए थे।