ब्लेड रनर के नाम से दुनिया में मशहूर दक्षिण अफ्रीका के पैरा ओलंपिक एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन वह इस तरह अर्श से फर्श पर आ जाएंगे।
ओलंपिक में छह स्वर्ण पदक, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतने वाले पिस्टोरियस की छवि कभी एक हीरो की थी लेकिन आज यह स्टार खिलाड़ी न सिर्फ जेल की सलाखों के पीछे जाने वाला है बल्कि इसे लोगों की जिल्लत का सामना भी करना पड़ रहा है।
पिस्टोरियस पर 2013 में अपनी प्रेमिका रीवा की हत्या का केस चल रहा है। रीवा एक मॉडल थी और 14 फरवरी 2013 को पिस्टोरियस ने अपने घर में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हालांकि प्रिटोरिया की कोर्ट ने पिस्टोरियस को हत्या का आरोपी नहीं माना है लेकिन उन्हें गैरइरादन हत्या का दोषी माना है। प्रिटोरिया में अभी इस मामले की सुनवाई चल रही है। उनकी सजा पर संभवत: शुक्रवार को फैसला आ सकता है।
इस बीच, दिवंगत रीवा स्टीनकैंप की एक रिश्तेदार ने कहा कि इस ओलंपिक धावक ने जो अपराध किया है, उसकी कीमत उन्हें चुकानी होगी।
रीवा की रिश्तेदार किम मार्टिन ने सुनवाई के दौरान रोते हुए कहा कि पिस्टोरियस ने रीवा की जिंदगी लेकर और मेरे अंकल के साथ, मेरी आंटी के साथ और मेरे परिवार के साथ जो किया है उसकी कीमत उन्हें चुकानी होगी।
मेरा परिवार उन लोगों में से नहीं है जो बदला लेने की ओर देख रहा है। हमारा यह मानना है कि दरवाजे के पीछे से किसी निहत्थे की जान लेना क्रूरता है और उसके लिए उसे
सजा मिलनी चाहिए।