खेल नीति लागू होने के बाद उत्तराखंड में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) की तर्ज पर ‘पे एंड प्ले’ योजना लागू की जाएगी। शुरुआत छोटे स्तर पर होगी।
सभी खेल स्टेडियमों में योजना होगी लागू
इससे मिलने वाली धनराशि का इस्तेमाल स्टेडियम की खेल सुविधाओं के रख-रखाव पर खर्च की जाएगी। सूत्रों की मानें तो जिला खेल कार्यालयों के साथ राज्य के सभी खेल स्टेडियमों में यह योजना लागू होगी।
खेल विभाग हर साल जिला खेल कार्यालयों के खेल शिविरों में शामिल खिलाड़ियों से 40 और 60 रुपए फीस लेता है। इसके बाद सुविधाएं बढ़ाने और रखरखाव के लिए विभाग को जिला योजना या दूसरी योजनाओं का इंतजार करना पड़ता है।
इसे देखते हुए विभाग ने ‘पे एंड प्ले’ (भुगतान करो और खेलो) योजना बनाई है। दरअसल साई में हॉस्टलर, डे स्कॉलर और पे एंड प्ले योजना चलती है। पे एंड प्ले में बाहरी लोग भी सेंटर आकर खेल सीखते हैं। इसके लिए हर माह निर्धारित फीस भरनी होती है।
इसी योजना अब जिला खेल कार्यालय के शिविर और स्टेडियमों में भी लागू होगी। खेल विभाग हर माह खिलाड़ियों से शिविर और स्टेडियम आने की फीस लेगा, जिसका इस्तेमाल सुविधा बढ़ाने और मैदान के रखरखाव में किया जाएगा। फिलहाल विभाग ने फीस का खाका तय नहीं किया है, लेकिन शासनादेश के बाद काम शुरू हो जाएगा।
उप निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में भी फीस लेते हैं, लेकिन अब हर माह फीस ली जाएगी। जो काफी कम और खिलाड़ियों के अनुकूल होगा। शौकिया खेलने वाले खिलाड़ियों की फीस में भी बदलाव होगा।