देहरादून के परेड ग्राउंड में बन रहे खेल परिसर की डेड लाइन आज (30 नवंबर) खत्म हो रही है। मगर परिसर का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
एक साल बाद भी नहीं बना परिसर
निर्माण एजेंसी पेयजल विकास एवं निर्माण निगम ने काम पूरा करने के लिए खेल विभाग से दिसंबर की मोहलत मांगी है। एजेंसी ने परिसर छह माह में तैयार करने का वादा किया था, लेकिन एक साल डेढ़ महीने बाद भी स्थिति तस की तस है।
काम 2015 से पहले पूरा होने की उम्मीद बेहद कम है। सितंबर 2013 में परेड ग्राउंड में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को खेल परिसर का सब्जबाग दिखाया था और काम भी शुरू कराया। मगर निर्माण एजेंसी लेटलतीफी से दो बार समय बढ़ाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका है।
स्पेशल प्लान असिस्टेंट के तहत परेड ग्राउंड में योजना के लिए 4 करोड़ 68 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए और पहली किस्त के रूप में 273.81 लाख रुपए दिए गए हैं। जिला योजना से भी बजट मिला। डीएसओ सतीश सार्की के मुताबिक निर्माण एजेंसी ने दिसंबर तक का वक्त मांगा है।
सिंथेटिक ट्रैक बना
स्पोर्ट्स कालेज में खेल परिसर के साथ ही शुरू हुआ एथलेटिक्स ट्रैक का काम करीब पूरा है। सिर्फ लाइटें लगनी हैं। हॉकी के एस्ट्रो टर्फ का काम शुरू है। यह एक साल में पूरा हो सकता है। बॉक्सिंग का डबल रिंग बनने को तैयार है तो मल्टीपल हॉल लगभग बन चुका है।