बांग्लादेश में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को लगातार दूसरी बार पीट दिया है। इससे पहले धोनी की टीम ने पाक को हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी।
क्रिकेट की चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम भारत और पाकिस्तान इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ मैच में उतरी थी, जिसमें भारत को सफलता मिली। इसके बाद धोनी की टीम ने लगातार तीन और मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
पुरुष टीम के शानदार प्रदर्शन को भारत की महिला टीम ने भी जारी रखा और प्ले ऑफ मुकाबले में पाक को छोटा लक्ष्य देने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपनी टीम को जीत दिला दी।
भारतीय गेंदबाजों ने कर दिया कमाल
भारतीय महिलाओं ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में छह रन से हरा दिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 106 रन का सामान्य स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तान की टीम नौ विकेट पर 100 रन ही बना सकी। सोनिया दाबिर ने तीन और पूनम यादव तथा एस के नायडू ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान को लक्ष्य से पहले ही रोक दिया।
विजयी टीम की ओर से शीर्ष क्रम की तीन बल्लेबाजों पूनम राउत ने 17, स्मृति मंधाना ने 22 और कप्तान मिताली राज ने 39 ने रन बनाए लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज दहाई की संख्या में नहीं पहुंच पाईं।
क्रीज पर आए 19 में में 12 बल्लेबाज फ्लॉप
भारतीय महिला टीम की शुरुआत तो अच्छी रही थी और एक समय टीम का स्कोर एक विकेट पर 64 रन था। लेकिन 64 रन पर ही टीम ने दो विकेट गंवा दिया।
इसके बाद क्रीज पर उतरे भारत के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। बेहद आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम को बेहद खराब शुरुआत मिली और 50 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए।
नौंवे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई निदा दार ने काफी संघर्ष किया लेकिन दूसरे छोर से विकेटों के पतन के बावजूद टीम लक्ष्य से छह रन दूर हो गई। निदा दार 24 रन बनाकर नाबाद रही। क्रीज पर उतरे 19 बल्लेबाजों में से 12 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रहे हैं।
पाकिस्तान भी हुआ सेमीफाइनल की रेस से बाहर
पाकिस्तान को मिली रोमांचक जीत के बावजूद भारतीय टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी।
भारतीय महिला टीम ने इससे पहले वेस्ट इंडीज को नौ विकेट से हराया था। हालांकि भारतीय टीम को पहले ही मैच श्रीलंका ने 22 रनों से हरा दिया था। इसके बाद वह इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से मैच गंवा दिया था। दो हार के बाद भारत ने बांग्लादेश को 79 रनों से हराकर वापसी करने की कोशिश की थी लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज आमने सामने होंगी जबकि दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका को चुनौती देगी।
न्यूजीलैंड 2016 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई
रेचेल प्रीस्ट की नाबाद 42 रन की तेजतर्रार पारी से न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को छह विकेट से हराकर 2016 में होने वाले आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया।
सिल्हट में खेले गए प्लेऑफ मुकाबले में श्रीलंका ने 20 ओवर में सात विकेट पर 131 रन बनाए। जवाब ने न्यूजीलैंड ने 19 ओवर में चार विकेट पर 135 रन बनाकर यह मैच जीत लिया।
प्रीस्ट प्लेयर ऑफ द मैच रही, जिन्होंने 32 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 42 रन बनाए। कप्तान सूजी बेट्स ने 45 और कैटी परकिंस ने 28 रन का योगदान दिया।