39वीं राष्ट्रीय जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का अंतिम दिन उत्तराखंड के लिए मिला जुला रहा। टीम के लक्ष्य सेन और कुहू गर्ग एक-एक कांस्य पदक जीतने में सफल रहे, जबकि एयर इंडिया के लिए खेल रहे उत्तराखंड के चिराग सेन एक रजत और एक कांस्य पदक जीता।
पटना में 19 से 24 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बुधवार को अंडर-17 एकल वर्ग के सेमीफाइनल में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन का सामना एयर इंडिया से खेल रहे बड़े भाई चिराग से हुआ। पहले सेट का स्कोर अभी 11-7 था, तभी लक्ष्य को चोट के चलते कोर्ट छोड़ना पड़ा। चिराग को फाइनल में जगह मिल गई।
फाइनल में चिराग को तेलंगाना के सिरिल वर्मा ने 55 मिनट तक चले मुकाबले में 21-15, 15-21, 23-21 से हराकर खिताब जीता। चिराग को रजत, जबकि लक्ष्य को कांस्य पदक मिला। बालक अंडर-19 एकल वर्ग में चिराग सेन को सेमीफाइनल में हर्षित दानी ने 21-18, 21-16 से शिकस्त दी। चिराग को कांस्य मिला।
अंडर-17 बालिका युगल वर्ग में उत्तराखंड की कुहू गर्ग और आंध्र प्रदेश की बी हारिका की जोड़ी को कर्नाटक की अश्वनी भट्ट और मिथुला एम की जोड़ी ने 21-19, 21-17 से हराया। हार के बाद कुहू गर्ग और बी हारिका को कांस्य पदक मिला।