पहले लोकेश राहुल (46) और डेविड वॉर्नर (65) की शानदार पारी और उसके बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 7 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 15 रन से हरा दिया।
हैदराबाद ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी।
मुंबई की पांच मैचों में यह पांचवीं हार है जबकि हैदराबाद के इतने ही मैचों में दूसरी जीत है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स इलेवन लगातार 5 जीत के साथ अजेय रथ पर सवार है।
मुंबई का शीर्ष क्रम लड़खड़ाया
जीत के लिए 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 6 ओवर में महज 32 रन पर अपने तीन विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए।
कप्तान रोहित शर्मा (1), कोरी एंडरसन (1) और बेन डंक (20) सस्ते में पवेलियन लौट गए।
युवा भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने ‘बर्थडे ब्वॉय’ रोहित को मात्र एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इस दौरान रोहित ने 5 गेंदों का सामना किया। इसके कुछ देर बाद ही कोरी एंडरसन को डेल स्टेन ने आउट किया।
स्टेन के साथ भुवनेश्वर की कीफायती गेंदबाजी
इससे पहले कैरेबियाई गेंदबाज डेरेन सैमी ने बेन डंक को बोल्ड कर मुंबई को पहली सफलता दिलाई थी।
इन तीनों के आउट होने के बाद किरोन पोलार्ड और अंबाति रायडू ने चौथे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर न केवल मुंबई को संभाला बल्कि स्कोर को भी सौ के पार पहुंचाया।
अंबाती रायडू ने 27 गेंदों में 5 चौके की मदद से 35 रन बनाए। पोलार्ड ने 48 गेंदों में सर्वाधिक 78 रन बनाए। तेज गेंदबाजों डेल स्टेन, भुवनेश्वर कुमार और इरफान पठान ने 2-2 विकेट झटके। भुवनेश्वर को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वॉर्नर और राहुल ने संभाला हैदराबाद को
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। हैदराबाद की शुरुआत खराब रही।
महज 38 के स्कोर उसने अपने दोनों ओपनर आरोन फिंच और शिखर धवन के विकेट गंवा दिए। धवन 6 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे जबकि फिंच 15 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर चलते बने।
इन दोनों को जहीर खान ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद लोकेश राहुल और डेविड वॉर्नर ने तीसरे विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी कर न केवल सनराइजर्स को संभाला बल्कि हैदराबाद के स्कोर को भी डेढ़ सौ के करीब ले गए। इन दोनों के आउट होने के बाद डरेन सैमी (10) और नमन ओझा (10) ने हैदराबाद के स्कोर को 170 के पार पहुंचा दिया।
जन्मदिन के रोहित शर्मा को लगा दोहरा झटका
कप्तान रोहित शर्मा के लिए इससे बुरा क्या हो सकता है कि जन्मदिन के दिन उन्हें दोहरा झटका लगा। पहले तो वह मैच हार गए फिर उनकी जेब पर भी झटका लगा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच के दौरान धीमी ओवर गति के कारण मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 20 हजार डॉलर का जुर्माना किया गया है।
चूंकि रोहित का आईपीएल के इस सत्र में धीमी ओवर गति का यह पहला मामला था इसलिए उन पर 20 हजार डॉलर का कम से कम जुर्माना किया गया।
मौजूदा चैंपियन मुंबई की टीम को मैच में हार का सामना करना पड़ा था जो इस सत्र में उसकी लगातार पांचवीं हार थी। टूर्नामेंट के नॉकआउट में पहुंचने के लिए उसे अब बाकी बचे अपने नौ मैचों से अधिकांश जीतने होंगे।