कैरेबियाई बल्लेबाज लिंडल सिमंस के धुआंधार शतक की बदौलत गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब को आईपीएल 7 के 48वें मुकाबले में 7 विकेट से पीट दिया।
ओपनर सिमंस ने 61 गेंदों में 14 चौकों और 2 छक्कों के साथ 100 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली और अपने टी-20 करियर का पहला शतक ठोका।
यह इस आईपीएल सत्र का पहला शतक भी है। ‘मैन ऑफ द मैच’ बने सिमंस के इस शानदार शतक से मुंबई ने 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
जीत के बावजूद प्ले ऑफ में जाने की उम्मीद कम
मुंबई इंडियंस के आतिशी ओपनर सिमंस ने पहले विकेट के लिए माइक हसी के साथ 7 ओवर में 68 रन की तेज साझेदारी भी निभाई।
दिलचस्प बात यह है कि इस साझेदारी में माइक हसी के सिर्फ 6 रन ही बना सके थे। इस शानदार जीत के बावजूद मुंबई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बेहद कम है।
मुंबई के 12 मैचों में 5 जीत के बाद कुल 10 अंक हो गए हैं। वहीं, पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी पंजाब के 12 मैचों में कुल 18 अंक हैं और मुंबई से हारने के बावजूद वह अभी भी अंक तालिका में शीर्ष पर है।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया पंजाब
इससे पहले टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पंजाब किंग्स इलेवन को 20 ओवर में 156 रन (8 विकेट) पर ही रोक दिया।
हालांकि एक समय पंजाब का स्कोर 9.1 ओवर में 1 विकेट पर 87 रन था लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरने से वह बड़ा स्कोर बनाने में विफल रही।
टीम के लिए कप्तान जॉर्ज बैली ने सर्वाधिक 30 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों के साथ 39 रन बनाए। मुंबई के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्पिनर श्रीयास गोपाल ने 2-2 विकेट चटकाए।
सहवाग के रन आउट होने से हड़बड़ाई टीम
पंजाब की शुरुआत खराब रही और ओपनर वीरेंद्र सहवाग दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। उन्होंने 11 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों के साथ 17 रन बनाए।
डेविड मिलर के स्थान पर टीम में शामिल किए गए शॉन मार्श और मनन वोहरा ने दूसरे विकेट के लिए 7.1 ओवर में 64 रन जोड़कर टीम को संभाला।
शॉन मार्श 17 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए। जल्द ही मनन वोहरा भी 34 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के के साथ 36 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ग्लेन मैक्सवैल (2), रिदिमान साह (3) और अक्षर पटेल (6) के भी जल्द आउट होने से पंजाब की पारी लड़खड़ा गई।