पंजाब इंटर डिस्ट्रिक्ट ध्रुव पांडव ट्राफी अंडर 19 में रविवार से चंडीगढ़ और मोहाली के बीच मुकाबला शुरू हुआ। सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मैच में टॉस जीतकर मोहाली की टीम ने पहले बल्लेबाजी को चुना।
शुभम गिल और करन आजाद की सलामी बल्लेबाजी जोड़ी के बीच पहले विकेट के लिए शानदार 109 रन की पार्टनरशिप हुई। करन आजाद 85 के स्कोर पर गेंदबाज भगमिंदर का शिकार बने।
इस पारी में 12 शानदार चौके जमाए। टीम का स्कोर जब 129 पहुंचा तब शुभम गिल 25 के निजी स्कोर पर गेंदबाज अर्पित ने वापिस पवेलियन पहुंचाया।
अगले बल्लेबाज साहिल चंदर अधिक देर तक टिक नहीं सके और 7 रन बनाकर गेंदबाज हेंमक की गेंद पर आउट हुए। दूसरे छोर पर सेट होकर खेल रहे अभिजीत गर्ग 33 के निजी स्कोर पर गेंदबाज अर्पित की गेंद पर नवअंश को अपना कैच थमा बैठे।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक मोहाली पहली पारी में 83.2 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बना चुका है। गेंदबाजी में चंडीगढ़ की ओर से अर्पित सिंह ने 21 ओवर में 59 रन देकर 2 विकेट, भगमिंदर ने 26 ओवर में 44 रन देकर 1 विकेट, हेंमक ने 15 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट चटकाया।