फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2 दिन की नीलामी में बिके 154 खिलाड़ी

Thu, 13 Feb 2014 04:49 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
आईपीएल 7 के लिए दो दिवसीय नीलामी खत्म हो गई है। इस नीलामी में कुल 154 खिलाड़ियों पर बोली लगाई गई, जिसमें 104 भारतीय क्रिकेटर हैं और 50 विदेशी खिलाड़ी हैं।
विज्ञापन


बंगलुरू में हुई आठ टीमों के बीच नीलामी में कुल दो अरब, 62 करोड़, 60 लाख रुपए खर्च हुए। नीलामी में सबसे महंगे क्रिकेटर युवराज सिंह बने जिन्हें रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने पहले दिन 14 करोड़ में खरीदा था। विदेशी क्रिकेटरों में दिल्ली डेयरडेविल्स ने केविन पीटरसन नौ करोड़ रुपए में बिककर तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। दिनेश कार्तिक को दिल्ली 12.5 करोड़ में खरीदा जो दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने।

यह नीलामी एक सत्र के लिए है और अगर फ्रेंचाइजी चाहे तो अपने क्रिकेटरों का करार एक और साल के लिए बढ़ा सकती है। खिलाड़ियों की नीलामी हो जाने के बावजूद अभी यह तय नहीं है कि इंडियन प्रीमियर लीग का सातवां संस्करण कहां खेला जाएगा। हालांकि यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आईपीएल भारत या दक्षिण अफ्रीका में खेला जाए। यह टूर्नामेंट नौ अप्रैल से लेकर तीन जून तक हो सकता है।
विज्ञापन

मेरठ के करण शर्मा बिके पौने चार करोड़ में

उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले 26 वर्षीय आलराउंडर करण शर्मा दूसरे दिन की नीलामी में सबसे महंगे क्रिकेट सितारे बनकर उभरे। इस गेंदबाज को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा। ‌करण का बेस प्राइज था 30 लाख रुपए। चेन्‍नई सुपर किंग्स और दिल्‍ली डेयरडेविल्स के बीच युवा गेंदबाज के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। चेन्‍नई ने 50 लाख से बोली शुरू की।

दिल्‍ली को पछाड़ने के‌ लिए चेन्‍नई ने कीमत दो बार बढ़ाकर 70 लाख रुपए कर दिया। लेकिन इस बीच पंजाब किंग्स इलेवन ने बोली 75 लाख तक कर दी। इसके बाद चेन्‍नई की टीम पीछे हट गई, जबकि हैदराबाद ने अपनी बोली 80 लाख से शुरू की। पंजाब मैदान पर डटा रहा और बोली एक करोड़ को छू गई। यह बोली धीरे-धीरे तीन करोड़ रुपए तक पहुंच गई।

पंजाब और हैदराबाद में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था, हैदराबाद ने 3.25 करोड़ बोला तो पंजाब ने 3.50 करोड़ का दांव खेला, लेकिन 3.75 करोड़ की बोली लगाकर सनराइजर्स हैदराबाद ने इस युवा गेंदबाज को खरीद ही लिया। करण शानदार लेग स्पिनर हैं और पिछले सत्र में उन्होंने 13 मैचों में 6.60 की शानदार औसत से 11 विकेट चटकाए थे। करण को कुछ महीने पहले 2012-13 के लिए अंडर-25 का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी घोषित किया गया था।

10 लाख था बेस प्राइज, मिले एक करोड़

केदार जाधव और गुरकीरत सिंह के बाद लोकेश राहुल की नीलामी बेहद दिलचस्प रही। लोकेश राहुल अभी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बेहद शानदार प्रदर्शन रहे हैं और उनकी बल्‍लेबाजी देखकर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद कहा जा रहा है।

लोकेश राहुल का बेस प्राइज महज 10 लाख रुपए था और सबसे पहले उनकी बोली आरसीबी ने लगाई और मुंबई इंडियंस ने इसे आगे बढ़ाया। हालांकि आरसीबी ने नीलामी से अपने कदम पीछे खींच लिए। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद मुंबई के खिलाफ बोली में कूद गई। मुंबई ने शुरू में भाव धीरे-धीरे बढ़ाया।

बाद में दिल्‍ली डेयरडेविल्स भी इस नीलामी में शामिल हो गया। लेकिन सनराइजर्स ने एक करोड़ रुपए की बोली लगाकर लोकेश राहुल को खरीद लिया। वहीं मुंबई के बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 70 लाख रुपए में खरीदा। जबकि आलराउंडर मनविंदर बिसला को 60 लाख में कोलकाता ने अपनी टीम में बनाए रखा।

प्रीति जिंटा की टीम ने 3 करोड़ में खरीदा धवन को

आलराउंडर ऋषि धवन रणजी सत्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बोली चली। बाद में मुंबई इस बोली से बाहर हो गई। उनकी जगह पंजाब किंग्स इलेवन ने ले ली। ऋषि पिछले साल मुंबई के लिए खेल चुके हैं।

हैदराबाद ने धवन के लिए एक करोड़ रुपए की बोली लगाई। राजस्‍थान रॉयल्स भी बोली में उतर आया। अब राजस्‍थान और हैदराबाद के बीच ऋषि धवन के लिए जंग चल रही थी, बाद में राजस्‍थान भी इस बोली से हट गया। इस तरह से प्रीति जिंटा की टीम ने तीन करोड़ में ऋषि धवन को अपनी टीम में शामिल कर लिया।

दूसरी ओर, रजत भाटिया को राजस्‍थान रॉयल्स ने 1.70 करोड़ रुपए में खरीदा। हालांकि अशोक मनेरिया इस नीलामी में अन‌बिके रह गए। वेस्ट इंडीज के आलराउंडर केवोन कूपर को 30 लाख में राजस्‍थान रॉयल्स लिया।

केन्या के एक बल्‍लेबाज को खरीदा आरसीबी ने

क्रिकेट जगत में केन्या बहुत बड़ा नाम नहीं है, लेकिन आईपीएल सात की नीलामी में इस बार अफ्रीकी देश का एक बल्‍लेबाज भी इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते नजर आएगा।

केन्या के युवा बल्‍लेबाज तन्मय मिश्रा जिनके पास भारतीय पासपोर्ट भी है को रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने खरीद लिया है। हालां‌कि उनका बेस प्राइज 10 लाख रुपया रखा गया था और इसी बेस प्राइज पर उन्हें खरीदा गया।

हालांक‌ि यूपी के बल्‍लेबाज तन्मय श्रीवास्तव को किसी ने नहीं खरीदा। पंजाब किंग्स इलेवन की ओर से कई बड़ी पार‌ियां खेलने वाले पॉल वाल्‍थी को इस बार आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिलेगा क्योंकि किसी ने उन्हें नहीं खरीदा है।

दूसरी बोली में 2 करोड़ में बिके रॉस टेलर

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्‍लेबाज रॉस टेलर को पहले दिन की नीलामी में किसी ने नहीं लिया था। लेकिन दूसरे दिन उनकी किस्‍मत चमक गई।

टेलर का बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखा गया था और उनकी बोली के समय पंजाब किंग्स इलेवन, राजस्‍थान रॉयल्स और दिल्‍ली डेयरडेविल्स के पास ही पर्याप्त पैसे बचे थे। दिल्‍ली ने सिर्फ एक बार बोली में भाग लिया और उनकी बेस प्राइज (दो करोड़) में ही खरीद लिया।

विकेटकीपर-बल्‍लेबाज नमन ओझा भी किस्मत वाले रहे और उन्हें 50 लाख की बेस प्राइज पर ही सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीद लिया। हालांकि श्रीलंका के महेला जयवर्धने को आज भी निराशा हाथ लगी और उनके लिए किसी ने बोली नहीं लगाई। क्रिस लियेन को कोलकाता ने 1.3 करोड़ रुपए में खरीदा।

हैंड्रिक्स के लिए पंजाब-दिल्‍ली में कांटे का संघर्ष

हर बार की तरह इस बार भी कुछ अनजान खिलाड़ियों ने अपनी कीमत से सभी को चौंका दिया है। आज की नीलामी में सबसे चौंकाने वाले खिलाड़ी रहे दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज बेरान हैंड्रिक्स।

हैंड्रिक्स दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टीम लायंस के लिए खेलते हैं और वहां पर वह खतरनाक खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं। हैंड्रिक्स की बेस प्राइज 30 लाख रुपए रखी गई थी, लेकिन मुंबई इंडियंस ने 50 लाख की बोली लगाते हुए मैदान पर कदम रखा। दिल्‍ली ने 55 लाख का भाव दिया तो मुंबई ने फिर भाव बढ़ाया।

बाद में मुंबई ने मैदान छोड़ दिया और उसकी जगह पंजाब किंग्स इलेवन ने मोर्चा संभाला। अब फाइट पंजाब और दिल्‍ली के बीच थी। पंजाब ने एक करोड़ बोला तो दिल्‍ली ने 1.20 करोड़ का दांव खेला। पंजाब ने 1.40 करोड़ के दांव पर दिल्‍ली ने 1.50 करोड़ की बोली लगाई। दिल्‍ली और पंजाब के बीच जबर्दस्त मुकाबला देखने को मिला। 10-10 लाख बढ़ते-बढ़ते पंजाब ने एक करोड़ 80 लाख में हैंड्रिक्स को खरीद ही लिया।

रसूल को लेकर दिल्‍ली-हैदराबाद में हुई कांटे की जंग

जम्मू-कश्मीर के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर परवेज रसूल को सनराइजर्स हैदराबाद में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया है। वह पिछले सत्र में पुणे वॉरियर्स के लिए खेल चुके हैं।

इस बार इस फिरकी गेंदबाज का बेस प्राइज था 20 लाख और दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने सबसे पहले रसूल की बोली लगाई। इसके बाद आरसीबी भी इस बोली में कूद गया। बाद में आरसीबी इस नीलामी से हट गया और सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्‍ली को चुनौती दी। दोनों में जबर्दस्त टक्कर दिखा।

सनराइजर्स के 85 लाख की बोली को बढ़ाकर दिल्‍ली ने 90 लाख कर दी, बाद में हैदराबाद टीम ने 95 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम के लिए खरीद लिया।

केदार जाधव को मिले दो करोड़ रुपए

दिल्‍ली डेयरडेविल्स के बल्‍लेबाज केदार जाधव की बेस प्राइज 30 लाख रुपए थे। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने जाधव को खरीदने के लिए सबसे पहले बोली लगाई। आरसीबी के 10 लाख ज्यादा की बोली पंजाब ‌किंग्स इलेवन ने लगाई। मुंबई ने फिर भाव बढ़ाया। पंजाब ने 60 लाख की बोली लगाई जिसे बढ़ाकर कोलकाता नाइटराइडर्स ने 65 लाख रुपए कर दिया।

पंजाब ने बोली एक करोड़ कर दी। कोलकाता ने उन्हें खरीदने के वास्ते 130 लाख रुपए की बोली लगा दी। तीन फ्रेंचाइजीज में केदार जाधव को लेने की होड़ मची रही। पंजाब ने बोली एक करोड़ 40 लाख कर दी। अचानक सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.60 करोड़ रुपए की बोली लगाकर माहौल को रोमांचित कर दिया। कोलकाता ने फिर भाव बढ़ाया। लेकिन हैदराबाद ने दो करोड़ रुपए की बोली लगाकर इस बल्‍लेबाज को अपनी टीम में शामिल कर लिया। आज की नीलामी में अब तक से सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं केदार जाधव।  

बल्‍लेबाज मनप्रीत जुनेजा को सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 लाख रुपए की बेस प्राइज में ही खरीद लिया।

बाबा अपराजित सबसे कम 10 लाख में बिके

युवा बल्‍लेबाज बाबा अपराजित को अब तक की नीलामी में सबसे सस्ते खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें महज 10 लाख रुपए में चेन्‍नई सुपर किंग्स ने खरीदा।

चेन्‍नई ही सिर्फ इस खिलाड़ी की नीलामी में बोली लगाई और 10 लाख की बेस प्राइज पर खरीदा है। और किसी भी टीम ने तमिलनाडु के बल्‍लेबाज पर अपनी बोली नहीं लगाई।

गुरकीरत सिंह आज की नीलामी में करोड़पति बन गए हैं। एक करोड़ 30 लाख रुपए में पंजाब किंग्स इलेवन ने गुरकीरत को अपनी टीम में शामिल किया। गुरकीरत पर राजस्‍थान ने एक करोड़ का दांव लगाया। इसके बाद पंजाब ने 1 करोड़ 10 लाख की बोली लगाई, लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स एक इसमें 10 लाख का इजाफा किया। हालांकि पंजाब किंग्स इलेवन ने बाबा को एक करोड़ 30 लाख रुपए में खरीद लिया।

उन्मुक्त चंद को लगा झटका

बल्‍लेबाज उन्मुक्त चंद को इस नीलामी में बड़ी रकम मिलने की उम्मीद थी लेकिन उन्हें बड़ा झटका लगा है। अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतवाने वाले उन्मुक्त चंद अब राजस्‍थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे।

उत्तराखंड के इस बल्‍लेबाज के लिए पहले मुंबई इंडियंस ने बोली लगाई। बाद में राजस्‍थान रॉयल्स भी इस नीलामी में उतर गया। मुंबई के 30 लाख के जवाब में राजस्‍थान ने 55 लाख की बोली लगाई, जिसे मुंबई ने बढ़ाकर 60 लाख कर दिया। राजस्‍थान ने पांच लाख रुपए बढ़ाते हुए उन्मुक्त चंद का भाव 65 लाख कर दिया। मुंबई इस बोली में पीछे हट गई और चंद राजस्‍थान की टीम से जुड़ गए।

उन्मुक्त चंद इससे पहले दिल्‍ली डेयरडेविल्स की टीम से जुड़े हुए थे। हालांकि उनका प्रदर्शन आईपीएल में बहुत अच्छा नहीं रहा था।

मनीष पांडे को लेकर हुई जर्बदस्त 'फाइट'

आईपीएल इतिहास में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्‍लेबाज मनीष पांडे इस नीलामी में भी करोड़पति बन गए हैं। उन्हें उनकी बेस प्राइज से लगभग आठ गुना ज्यादा की राशि मिली है।

पिछले सत्र में वह पुणे वॉरियर्स के लिए खेल चुके हैं। इस बार नीलामी में उन्हें खरीदने के लिए सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने दांव ‌लगाया, बाद में चेन्‍नई सुपर किंग्स भी इस बोली में कूद गया।

मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। पहले मुंबई और चेन्‍नई आमने-सामने थी, लेकिन 60 लाख का दांव लगाकर मुंबई इस बोली से हट गई और उसकी जगह दिल्‍ली डेयरडेविल्स मुकाबले में सामने आई। मनीष की बोली एक करोड़ तक पहुंच चुकी थी और दिल्‍ली ने भाव बढ़ाते हुए 1.40 करोड़ का दांव खेला, चेन्‍नई यहां से मुकाबले से हट गया। अचानक कोलकाता नाइटराइडर्स नीलामी में कूदा और एक करोड़ 70 लाख की बोली लगाकर मनीष पांडे को अपनी टीम में शामिल कर लिया।

कई युवा सितारें भी नहीं बिक सके

आईपीएल 7 की नीलामी में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने पिछले टूर्नामेंट तक अपनी पहचान बनाने में कामयाबी हासिल की थी, लेकिन वे इस बार किसी भी फ्रेंचाइजीज को प्रभावित नहीं कर सके।

नीलामी के पहले दिन भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारे अनबिके रह गए, लेकिन आज कुछ युवा खिलाड़ी भी नहीं बिके। नहीं बिकने वाले योगेश नागर, आलराउंडर अशोक मनेरिया, केविन ओ ब्रॉयन (आयरलैंड), देबव्रत दास, डेवी जैकब्स और योगेश टकावले जैसे खिलाड़ी प्रमुख हैं। इन खिलाड़ियों ने आईपीएल से ही अपनी पहचान बनाई थी।

जबकि अन्य क्रिकेटरों में बिपुल शर्मा, महेश रावत, श्रीवत्स गोस्वामी, हनुमा विहारी, अरुण कार्तिक, अंकित बावने, भार्गव भट, अली मुर्तजा और सरबजीत लाढ़ा भी नहीं बिके।

श्रीकांत के बेटे अनिरुद्ध 20 लाख में बिके

आईपीएल की नीलामी के दूसरे दिन की सबसे पहले बोली लगी बल्‍लेबाज श्रीकांत अनिरुद्ध की। अनिरुद्ध भारत के पूर्व कप्तान और चयनकर्ता कृष्‍णमचारी श्रीकांत के बेटे हैं और चेन्‍नई सुपर किंग्स के लिए खेलते रहे हैं।

लेकिन आज की नीलामी में अनिरुद्ध को सनराइजर्स हैदराबाद ने अंतिम समय में बोली लगाई और बेस प्राइज पर ही खरीद लिया। श्रीकांत अनिरुद्ध का बेस प्राइज था 20 लाख रुपए।

लेकिन आईपीएल के शुरुआती संस्करण में पहचान बनाने वाले टी सुमन को किसी ने नहीं खरीदा।    

पंजाब के पास है 14 करोड़ से ज्यादा पैसा

पहले दिन की नीलामी के बाद फ्रेंचाइजी के पास बचे रुपए

14.2 करोड़ सर्वाधिक पंजाब के पास नीलामी के दूसरे दिन होंगे।
1.8 करोड़ सबसे कम रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के पास बचे हैं।
6 खिलाड़ी कम से कम और कोलकाता नाइटराइडर्स को खरीदने होंगे।
13 खिलाड़ी दिल्ली डेयरडेविल्स ने बुधवार को खरीदे।
5 खिलाड़ी ही मुंबई इंडियंस ने नीलामी के पहले दिन खरीदे।
विज्ञापन

दूसरे दिन की नीलामी शुरू, कई खिलाड़ी दांव पर

आईपीएल 7 के लिए दूसरे दिन की नीलामी की शुरू हो गई है। पहले दिन युवराज सिंह ने बाजी मार ली थी और उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने 14 करोड़ में खरीदा था।

जबकि दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने दिनेश कार्तिक को अप्रत्याशित रूप से 12.5 करोड़ रुपए खर्च पर अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि वीरेंद्र सहवाग के लिए यह नीलामी बहुत अच्छा साबित नहीं हुआ और पंजाब किंग्स इलेवन ने उन्हें महज 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा।

आशीष नेहरा नीलामी में भाग्यशाली रहे और चेन्‍नई सुपर किंग्स ने दो करोड़ में खरीदा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें