देश के न्यू साइनिंग बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने विदेशी धरती पर अपने खेल के दम पर फिर तिरंगे का मान ऊंचा कर दिया।
सिंगापुर, इंडोनेशिया, इजराइल, डेनमार्क के बैडमिंटन कोर्ट में जलवा बिखेरकर स्वर्ण पदक जीत चुके लक्ष्य सेन ने अब लंदन में हुए जूनियर विम्बल्डन बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में आठवां स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इंग्लैंडके सरई शहर में 13 और 14 सितंबर को बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। जिसमें इंग्लैंड, पुर्तगाल, टर्की, भारत, स्कॉटलैंड, स्वीजरलैंड आदि देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-19 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में एकल, युगल व मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले खेले गए।
उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने अंडर-19 एकल वर्ग में प्रतिभाग किया। लक्ष्य सेन ने 39 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में प्रतियोगिता में तीसरी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड के जेम्स फार्म को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर खिताब पर अपना कब्जा जमाया।
इससे पहले सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने इंग्लैंड के डेविड जोंस को 21-14, 21-17 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। लक्ष्य सेन के साथ गये कोच बालचंद्रन ने बताया कि लक्ष्य पूरी प्रतियोगिता में शानदार लय में दिखे और उन्होंने अच्छे गेम प्लान से अपने विपक्षी खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया।