सुखदेव सिंह गिल मेमोरियल क्लब द्वारा कराया जा रहा 15वां सुखदेव सिंह गिल यादगारी खेल मेला संपन्न हो गया। खेल मेले के अंतिम दिन पंजाब की आठ नामवर अकादमियों के कबड्डी मैच आकर्षण का केंद्र थे।
इनमें से फाइनल मैच बैदवान अकादमी, मौली और संत ईशर सिंह अकादमी, राड़ा साहिब की टीम के बीच खेला गया। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। जिसमें राड़ा साहिब की टीम विजेता रही।
डीसी टीपीएस सिद्धू और जेएलपीएल के एमडी कुलवंत सिंह ने विजेता राड़ा साहिब की टीम को एक लाख रुपये नगद एवं कप और उपविजेता मौली बैदवान की टीम को 71 हजार रुपये नगद इनाम एवं कप देकर सम्मानित किया।
क्लब के प्रधान फूलराज सिंह ने बताया कि मेले के दौरान वालीबॉल शूटिंग के मुकाबले कराए गए, जिसमें फ्रेंड्स क्लब मोहाली की टीम ने पहला और संगरूर की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
शॉटपुट में परमजीत सिंह गुरदासपुर पहले, परविंदर सिंह बस्सी पठाना दूसरे और सचिन शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा कबड्डी में 70 किलो का फाइनल मैच सोहाना की टीम ने जीता। इस टीम को 11 हजार रुपये इनाम देकर सम्मानित किया गया। आखिर में आतिशबाजी के रंग बिखरे।
इस मौके पर स्त्री आकली दल की महासचिव अमनजोत कौर रामूवालिया, उमराव सिंह, हरि मोहन शर्मा, बलजिंदर रायपुरकलां, हरनेक मावी, सरताज सिंह गिल, बिट्टी सोहल, गुरजंट सिंह, अमरजीत सिंह, मास्टर हरबंस सिंह, कोच भूपिंदर भिंदा, परमजीत हैप्पी भी मौजूद थे।