कनाडा के रेसलर ब्रूनी स्टील ने द ग्रेट खली को उनके देश में घुसकर मारने की चुनौती दी है। ब्रूनी ने कहा है कि खली या तो उनकी चुनौती स्वीकार करें या फिर रिटायरमेंट ले लें। इसके लिए रेसलर ब्रूनी ने एक वीडियो जारी किया है।
खली को चुनौती भरा एक मेल भी भेजा है। बताया गया है कि खली ने ब्रूनी की इस चुनौती को स्वीकार कर लिया है और जवाब में एक वीडियो भी जारी किया है।
हल्द्वानी के अंर्तराष्ट्रीय स्टेडियम में ‘द ग्रेट खली रिटर्न्स’ सीरीज के 24 फरवरी को होने वाले खली मेगा शो के लिए देश-विदेश से पहुंचने वाले रेसलरों को हल्द्वानी से करीब 60 किमी. दूर रामनगर में ठहराया जाएगा। सभी रेसलर 23 फरवरी को रामनगर पहुंच जाएंगे।
रेसलरों के रहने और ठहरने की सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि रेसलरों को 24 फरवरी को सड़क मार्ग से हल्द्वानी लाया जाएगा। वहीं, बताया जा रहा है कि खली भारत में पहली बार हल्द्वानी में बिग बूट दांव अजमाते नजर आएंगे।
24 फरवरी को होने वाले मेगा शो की तैयारियां जोरों पर है।
प्रशासनिक, पुलिस और इवेंट से जुड़े अधिकारी दिन-रात एक कर आयोजन की तैयारी में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक हल्द्वानी में भीड़भाड़ को देखते हुए कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, मैक्सिको समेत अन्य देशों से आने वाले रेसलरों को कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के वन विश्राम गृह में ठहराया जाएगा।
इसकी सभी व्यवस्थाएं भी कर ली गई हैं। 23 फरवरी को दोपहर तक सभी रेसलर रामनगर पहुंच जाएंगे। इसके बाद 24 फरवरी को सभी रेसलरों को सड़क मार्ग से हल्द्वानी लाया जाएगा। सिक्योरिटी रीजन से आखिरी समय में व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
आईबीएस के निखिल ने बताया कि रेसलरों को हल्द्वानी और रामनगर में ठहरने के आप्शन दिए गए थे। इसमें से अधिकांश रेसलरों ने भीड़भाड़ के बजाय एकांत को तरजीह दी। इसे देखते हुए सभी रेसलरों के रहने की व्यवस्था रामनगर के वन विश्राम गृह में की गई है।