किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपर किंग्स जब शुक्रवार को मैदान पर उतरेंगे तो उनके पास आईपीएल 7 खिताब के लिए मुकाबले में बने रहने का आखिरी मौका होगा।
कोलकाता नाइटराइडर्स पहले क्वालीफायर मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर जगह पक्की कर चुकी है जबकि चेन्नई ने बुधवार को गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को एलिमिनेटर मुकाबले में शिकस्त दी है।
अब फाइनल में जगह बनाने के लिए पंजाब और चेन्नई के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा और इसमें जीतने वाली टीम ही फाइनल में खिताब के लिए कोलकाता से भिड़ेगी। आज का मैच जीतने पर चेन्नई रिकॉर्ड छठी बार फाइनल में जगह बनाएगी। खिताबी मुकाबला 1 जून को खेला जाएगा।
सहवाग और मैक्सवेल को आज चलना ही होगा
कोलकाता नाइटराइडर्स से हारने वाली पंजाब इस दूसरे मौके को हर हाल में भुनाना चाहेगी। लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब कोलकाता के खिलाफ क्वालीफायर मैच में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और उसे 28 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इस अहम मुकाबले में पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी ही उसकी कमजोरी साबित हुई। अगर पंजाब को फाइनल में पहुंचना है तो उसके मैच जीताऊ बल्लेबाजों को बड़ी पारी खेलनी होगी।
अपनी आतिशी पारी से विपक्षी गेंदबाजों को हैरान करने वाले ग्लेन मैक्सवेल इतने अहम मैच में महज 6 रन बनाकर चलते बने जबकि ओपनर वीरेंद्र सहवाग भी 2 रन पर आउट हो गए।
दहाई भी नहीं बना सके पंजाब के 4 बल्लेबाज
क्वालीफायर 1 में किंग्स इलेवन पंजाब के 4 बल्लेबाजों का दहाई के आंकडे़ को भी न छू पाना उसकी हार की सबसे बड़ वजह बना।
अब यदि पंजाब को पहली बार फाइनल मुकाबला खेलना है तो उसे पूरी ताकत से खेल के सभी क्षेत्रों में जोरदार प्रदर्शन करना होगा। यही नहीं टीम को इस मुकाबले में दबाव से भी निपटना होगा।
वहीं, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2 बार चैंपियन बनी और टूर्नामेंट में 3 बार फाइनलिस्ट रही चेन्नई की टीम ने अपने अहम एलिमिनेटर मुकाबले में विपक्षी टीम मुंबई के सामने कोई गलती नहीं की। इस मैच में चेन्नई के बल्लेबाजों का प्रदर्शन जोरदार रहा।
पिछले मैच में कामयाब रहे थे CSK के खिलाड़ी
कैरेबियाई बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ, फैफ डू प्लेसिस, सुरेश रैना, ब्रैंडन मैक्कुलम और डेविड हसी जैसे अनुभवी बल्लेबाजों ने चेन्नई सुपर किंग्स की जीत में अपना योगदान दिया।
चेन्नई के पास आलराउंडर रवींद्र जडेजा, तेज गेंदबाज मोहित शर्मा और फिरकी गेंदबाज आर अश्विन जैसे दिग्गज गेंदबाज भी हैं।
हालांकि पंजाब ने लीग मैचों में चेन्नई से दो मुकाबले खेले और दोनों में शानदार जीत दर्ज की लेकिन इस अहम मुकाबले में स्थितियां अलग होगी और जो टीम दबाव से पार पा जाएगी उसका पलड़ा ज्यादा भारी रहेगा।