आईपीएल के सितारों का जलवा देहरादून में भी देखने को मिलेगा। 7वां आल इंडिया उत्तराखंड शहीद गिरीश भद्री क्रिकेट टूर्नामेंट बुधवार से यहां शुरू होने जा रहा है।
जिसमें शिरकत करने की सहमति करन ने आयोजकों को दे दी है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है। करन को आईपीएल के लिए 3.75 करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था। बीते दिसंबर में वह टीम इंडिया की टेस्ट कैप भी पहन चुके हैं। टूर्नामेंट के संबंध में आयोजक अजबपुर यंग स्टार क्रिकेट क्लब के पदाधिकारियों ने सोमवार को एक स्थानीय होटल में पत्रकारों को जानकारी दी।
बताया कि टूर्नामेंट बुधवार से शुरू हो रहा है, जो आने वाली 22 फरवरी तक चलेगा। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें विभिन्न राज्यों के रणजी क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट के मैच रेंजर्स ग्राउंड, तनुष क्रिकेट एकेडमी और अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मैदानों पर खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला रेंजर्स में ही होगा।
क्लब सचिव संजय कटियार के अनुसार विजेता टीम को एक लाख 31 हजार, उप-विजेता टीम को 81 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजकों ने मैचों का फिक्सचर भी इस दौरान जारी किया।