फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विवादों के बीच आज से शुरू हो रहा है आईपीएल का रोमांच

Wed, 16 Apr 2014 12:18 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
क्रिकेट की दुनिया के तमाम दिग्गज और उभरते हुए युवा खिलाड़ी एक बार फिर आईपीएल के मंच पर धूम मचाने के लिए तैयार हो गए हैं जहां दर्शकों को जमकर चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिलेगी।
विज्ञापन


तीन घंटे के इस शो में वो तमाम मसाले होते हैं जो क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप को मजेदार और रोमांचक बनाते हैं।

बुधवार से शुरू हो रहे आईपीएल ट्वंटी-20 लीग के सातवें संस्करण का आगाज गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और 2012 की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच होने वाले मैच से होगा। इसके साथ ही करीब डेढ़ महीने तक दर्शकों के सिर पर आईपीएल की खुमारी छाई रहेगी।

मुंबई-कोलकाता के बीच होगी पहली भिड़ंत

क्रिकेट का सबसे बड़ा तमाशा बुधवार से यूएई में शुरू हो रहा है। जहां आईपीएल-7 के उद्घाटन मुकाबले में मुंबई इंडियंस का मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से है।

गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की कमान जहां रोहित शर्मा के पास है। वहीं, कोलकाता नाइटराइडर्स की अगुआई गौतम गंभीर कर रहे हैं।

आईपीएल अपने इस सत्र में स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण के बाद क्रिकेटप्रेमियों का भरोसा जीतने की कोशिश में जुटा है। इसमें तड़क-भड़क से इतर आईपीएल का आगाज होगा। हालांकि आयोजकों ने ग्लैमर कम रखने का वादा किया है लेकिन इसकी रौनक कम नहीं हुई है।

कोलकाता पर भारी है मुंबई क‌ी टीम

भारत में लोकसभा चुनाव होने के कारण इस सत्र का पहला चरण अबु धाबी, दुबई और शारजाह में खेला जा रहा है। ऐसे में किसी भी टीम को घरेलू माहौल का कोई फायदा नहीं होने जा रहा है।

हालांकि रिकॉर्ड बुक पर नजर डाली जाए तो पलड़ा मुंबई का ही भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अभी तक 12 मैच हो चुके हैं और मुंबई ने 10 मैच जीते हैं। पिछले सीजन में खेले गए दोनों मैच मुंबई ने कोलकाता से जीते थे।

रोहित शर्मा की अगुआई में मुंबई इंडियंस खिताब बचाने की ओर पहला कदम बढ़ाएगी। दुनिया के महान बल्लेबाज और टीम के अहम सदस्य सचिन तेंदुलकर गत वर्ष रिटायरमेंट ले चुके हैं और वह अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि वह डग आउट में रहकर टीम की हौसलाअफजाई करेंगे।

गौतम गंभीर के लिए वापसी का मौका

अबु धाबी में आईपीएल 7 का पहला मैच खेला जाएगा। कोलकाता के लिए सचिन तेंदुलकर के बिना पहली बार खेल रही मुंबई पर दबाव बनाने का मौका होगा। कोलकाता टीम की कमान ओपनर गौतम गंभीर के हाथ में है जो राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

गौतम गंभीर के पास न सिर्फ अपनी बल्लेबाज बल्कि अपनी कप्तानी से भी सभी को प्रभावित करने का बेहतरीन मौका है।

गंभीर ने कही, "मेरा मानना है कि गेंदबाज आपको मैच जीतने में मदद करते हैं चाहे आप कोई भी प्रारूप खेलें। एक कप्तान के रूप में मैं हमेशा तेज गेंदबाजों को अधिक मौका देना चाहता हूं। जब आप तेजी से गेंदबाजी करते हैं तो मैदान कैसा भी हो, फर्क नहीं पड़ता है। मैं पहले सोच रहा था कि यदि टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में खेला जाता है तो मैं उचित तेज गेंदबाजों को खेलाता लेकिन अब क्योंकि हम यूएई और भारत में खेल रहे हैं तो उसके लिहाज से भी हम तैयार है।"

उद्घाटन के बजाए भव्य डिनर का है आयोजन

इस बार उद्घाटन समारोह की जगह एक भव्य डिनर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बॉलीवुड स्टार और केकेआर के मालिक शाहरुख खान समेत कई बॉलीवुड हस्तियां परफॉर्म करेंगी।

टूर्नामेंट भले ही यूएई में हो रहा है लेकिन यहां भारी तादाद में बसे भारतीयों में लीग को लेकर उत्साह इस कदर है कि सभी टिकट बिक चुके हैं।

आईपीएल 7 की 7 खास-खास बातें

आईपीएल का सातवां संस्करण आज से शुरू होने जा रहा है। हर बार की तरह इस बार भी लोगों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह है। जानिए, टूर्नामेंट से जुड़ी 7 खास बातें।

30 करोड़ रुपए कुल ईनामी राशि आईपीएल-7 की है।
13 करोड़ रुपए विजेता बनने वाली टीम हासिल करेगी।
8 करोड़ रुपए उपविजेता टीम के हिस्से में आएंगे।
5 करोड़ रुपए तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को मिलेंगे।
4 करोड़ रुपए चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को मिलेंगे।
46 दिन चलने वाले टूर्नामेंट में 60 मैच खेले जाएंगे।
10 मैदानों में होंगे सारे मैच, जिसमें 20 यूएई में होंगे।
विज्ञापन

विवादों से उबरने को कोशिश करेगा आईपीएल

स्पॉट फिक्सिंग और सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद आईपीएल का एक और सीजन धूम मचाने के लिए तैयार है। विवादों को पीछे छोड़ दें तो इस बार भी दर्शकों को जमकर चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिलेगी। क्योंकि क्रिकेट की दुनिया के तमाम दिग्गज और उभरते हुए युवा खिलाड़ी एक बार फिर अपना जलवा बिखेरेने वाले हैं।

तीन घंटे के इस शो में वो तमाम मसाले होते हैं जो क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप को मजेदार और रोमांचक बनाते हैं। आज से करीब डेढ़ महीने तक दर्शकों के सिर पर आईपीएल की खुमारी छाई रहेगी।

भारत में लोकसभा चुनाव होने के कारण इस सत्र का पहला चरण अबुधाबी, दुबई और शारजाह में खेला जा रहा है। ऐसे में किसी भी टीम को घरेलू माहौल का कोई फायदा नहीं होने जा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें