आईपीएल 7 के 51वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 15 रनों से हराकर प्लेऑफ के जंग को और रोचक बना दिया है। एक प्लेऑफ सीट के लिए 3 टीमों के बीच दावेदारी बनी हुई है। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें)
विज्ञापन
मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और 174 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल नहीं करने दिया। दिल्ली 20 ओवर में 4 विकेट पर 158 रन ही बना सकी। जेपी डुमिनी ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए और नाबाद रहे।
इससे पहले मुंबई की पूरी टीम 19.3 ओवर में ही 173 रन बनाकर आउट हो गई। माइक हसी ने सर्वाधिक 56 रन बनाए और वह रन आउट हुए। दिल्ली की ओर से इमरान ताहिर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
विज्ञापन
डुमिनी का अंत तक संघर्ष भी काम न आया
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली डेयरडेविल्स को बढ़िया शुरुआत मिली और पहले विकेट के लिए मुरली विजय और केविन पीटरसन ने 5.2 ओवर में 43 रनों की साझेदारी की।
लेकिन विजय के आउट होने के बाद पीटरसन का साथ देने क्रीज पर आए दिनेश कार्तिक भी 7 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए। दूसरी ओर कप्तान पीटरसन ने 31 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम की उम्मीद बनाए रखी। लेकिन हरभजन सिंह ने उन्हें बोल्ड कर चलता किया।
हालांकि मनोज तिवारी (41) और जेपी डुमिनी (नाबाद 45) ने चौथे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी कर मैच का रोमांच अंत तक बनाए रखा लेकिन टीम 15 रन से लक्ष्य से दूर रह गई। मुंबई की ओर से मर्चेंट डी लेंगे ने 2 और हरभजन और एस गोपाल ने 1-1 सफलता हासिल की।
आईपीएल 7 में मुंबई की रही बेस्ट शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद मुंबई इंडियंस ने जोरदार अंदाज में शुरुआत की। आईपीएल 7 में एकमात्र शतकवीर बल्लेबाज लिंडल सिमंस (35) ने माइक हसी (56) के साथ पारी शुरू करते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया। दोनों ने पावरप्ले में 65 रन जोड़े जो इस आईपीएल में मुंबई की सबसे तेज शुरुआत है।
दोनों ने 8 ओवर में ही 87 रनों की साझेदारी कर डाली। अफ्रीकी गेंदबाज इमरान ताहिर ने सिमंस को कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। सिमंस के जाने के बाद हसी का साथ देने कप्तान रोहित शर्मा (30) क्रीज पर आए और दोनों ने टीम को सौ के पार पहुंचा दिया।
इस बीच हसी ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया लेकिन 56 रन के निजी स्कोर पर वह रन आउट हो गए। मुंबई का स्कोर एक समय 14 ओवर में 2 विकेट पर 140 रन था और टीम बड़े स्कोर की जा रही थी।
31 रन के अंदर मुंबई ने गंवाए 7 विकेट
मुंबई आराम से 200 रन के करीब पहुंच रही थी लेकिन 15वें ओवर में रोहित शर्मा 30 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया कि 31 रनों के अंदर मुंबई के 7 विकेट गिर गए।
शीर्ष क्रम की ठोस शुरुआत को मध्य क्रम जारी नहीं रख सका और एक के बाद एक करके आउट होते चले गए। कीरोन पोलार्ड (11), अंबाती रायडू (2), आदित्य तारे (14) और हरभजन सिंह (2) सस्ते में ही निपट गए।
पुछल्ले बल्लेबाज भी बड़ा योगदान देने में नाकाम रहे। दिल्ली की ओर से इमरान ताहिर ने 3 विकेट झटके, जबकि जयदेव उनादकट को 2 सफलता मिली। दो गेंदबाज 1-1 विकेट झटकने में कामयाब रहे।
टॉस के बाद मुंबई को बदलना पड़ा खिलाड़ी
आईपीएल में यह पहला वाकया है जब किसी टीम ने टॉस के बाद अपने चोटिल खिलाड़ी की जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को बदला है। मुंबई इंडियंस ने मुंबई में शुक्रवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ अपने आईपीएल मुकाबले में टॉस के बाद चोटिल तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार की जगह बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को अंतिम एकादश में शामिल किया।
दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान केविन पीटरसन के टॉस करने के बाद प्रवीण मैदान से बाहर जाते दिखे। हालांकि प्रवीण की जगह प्रज्ञान को खिलाने का फैसला दो अंपायरों और दोनों टीमों के कप्तान पीटरसन और रोहित शर्मा से विचार-विमर्श के बाद किया गया।
क्रिकेट के 1.2 नियम के तहत दोनों कप्तान नियमत: टॉस से पहले अपने-अपने खिलाड़ियों की सूची अंपायरों को सौंपते हैं। इसमें किसी भी तरह का बदलाव विपक्षी कप्तान की अनुमति के बगैर नहीं होता है।
दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने इस मैच में दो बदलाव किए थे लेकिन टीम को फिर भी जीत नहीं मिली। दिल्ली की टीम टूर्नामेंट के प्लेऑफ की रेस से बहुत पहले ही बाहर हो चुकी है।
13 मैचों से दिल्ली ने महज 2 मैचों में जीत हासिल की है और 4 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में सबसे नीचे है।
जबकि पिछली बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम ने इतने ही मैचों से 6 मैच जीत सकी है और उसे प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए आज ही होने वाले पंजाब किंग्स इलेवन और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले में पंजाब की जीत की दुआ करनी होगी। अगर राजस्थान जीत जाता है तो मुंबई की टीम बाहर हो जाएगी।