फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोमांच के चरम पर पहुंचकर मैच टाई

Sat, 25 Jan 2014 05:21 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय प्रशसंकों के लिए पिछले दो मैचों की तरह यह मुकाबला भी खत्म हो चुका था। 315 रनों का लक्ष्य कर रही टीम इंडिया के आधे बल्लेबाज 150 रन छूने से पहले पवेलियन में लौटकर माथा पकड़े बैठे थे।
विज्ञापन


धोनी क्रीज पर थे और पहाड़ सा लक्ष्य सामने था। उनके दिमाग में शायद यह भी चल रहा होगा कि सीरीज में लगातार तीसरी हार के बाद वही प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या सफाई देंगे, क्योंकि इस मैच में कुछ भी नया नहीं दिख रहा था। गलतियां भी नहीं।

टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला, भारतीय गेंदबाजों की बेहिसाब पिटाई के बाद कीवी टीम का 300 रन के पार पहुंचना और जवाब में 150 रनों पर टीम का आउट होकर लौट जाना। धोनी की सिरदर्दी बहुत थी। लेकिन आज दिन कुछ अलग था। जीत भले न मिली, कम से कम हार भी गले नहीं पड़ी।
विज्ञापन

अश्‍विन और जडेजा का कमाल

न्यूजीलैंड के 314 रनों का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच में रास्ता भटक गई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते हुए हार की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन ऑलराउंडर के हाथ दिखाने वाले आर अश्विन और रवींद्र जडेजा ने मरती ‌टीम में नई जान डालने का काम किया।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर जुझारू पारी खेली और उसके बाद गजब का हौसला दिखाते हुए अश्विन और जडेजा ने पारी को आगे बढ़ाया। अश्विन 45 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। इससे मैच बरकरार तो था, लेकिन रोमांच नहीं था। असल पारी इसके बाद शुरू हुई।

जडेजा ने चार लंबे छक्कों की मदद से 45 गेंदों पर 66 रन जड़े, जिससे टीम इंडिया मैच में लौटी और जीत तक पहुंचती भी दिखने लगी। हालांकि, टीम और जडेजा, दोनों कुछ बदकिस्मत रहे, क्योंकि आखिरी गेंद पर दो के बजाय केवल एक रन बना और मैच टाई हो गया।

आखिरी ओवरों में टेंशन चरम पर

भारत और न्यूजीलैंड, दोनों टीम के खिलाड़ी आखिरी ओवर में काफी टेंशन में थे। तीन गेंद में 13 रन चाहिए थे और अगली दो गेंद में चौका और छक्का जड़कर जडेजा ने उम्मीदें बढ़ा दी। लेकिन आखिरी गेंद पर दो रन नहीं बटोर सके।

टाई पर छूटे इस मैच ने भारतीय क्रिकेट टीम को सीरीज में बनाए रखा है, हालां‌कि कीवी टीम 2-0 से आगे है। इससे पहले न्यूजीलैंड एक बार तो 350 रन की तरफ बढ़ता दिख रहा था, लेकिन आखिरी में भारतीय गेंदबाजों ने कुछ लगाम कसी।

भारत ने 315 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए। आर अश्विन (65 रन, 46 गेंद, 8 चौका और 1 छक्का) ने रवींद्र जडेजा (नाबाद 66) के बीच सातवें विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी कर मैच में रोमांच ला दिया।

अब भी 0-2 से पीछे है टीम इंडिया

इस मैच के टाई होने से न्यूजीलैंड की पांच मैचों की वनडे सीरीज पर 2-0 से बढ़त बरकरार है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया नेपियर और हैमिल्‍टन में वनडे मैच हार गई थी।

छक्का मारकर पचासा पूरा करने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (50 रन, 60 गेंद, 2 चौका और 3 छक्का) अगली ही गेंद पर कैच आउट हो गए।

इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 314 रन बनाकर आउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने सर्वाधिक 111 रन बनाए। गुप्टिल ने अपनी शतकीय पारी में 12 चौके और दो छक्के जड़े। जबकि केन विलियम्‍सन ने 65 रनों का योगदान दिया।

गेंदबाजों ने फिर किया निराश

भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, वरुण एरोन और आर अश्विन को एक-एक विकेट मिले।

बड़े लक्ष्य के जवाब में रोहित शर्मा (39) और शिखर धवन (28) ने सीरीज में पहली बार टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की।

लय में दिख रहे धवन 10वें ओवर में कोरी एंडरसन की गेंद पर कैच आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके के अलावा एक छक्का भी जमाया। आउट ऑफ फॉर्म रहे रोहित आज भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए हों लेकिन अपनी पारी में चार छक्के भी जड़े।

इस बार कोहली भी नहीं चले

इसके बाद 14वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा (39) भी अपना विकेट गंवा बैठे। भारत को तगड़ा तब लगा जब उसके इन फॉर्म बल्‍लेबाज विराट कोहली मात्र छह रन बनाकर आउट हो गए।

दोनों सलामी बल्‍लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाने वाले आलराउंडर कोरी एंडरसन ने तीसरी सफलता हासिल करते हुए अंजिक्य रहाणे (3) को भी चलता किया।

महज 15 रन के अंदर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में दिख रही टीम इंडिया के लिए कप्तान धोनी और सुरेश रैना ने पांचवें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की।

कीवी टीम की धमाकेदार शुरुआत

सुरेश रैना (31 रन, 39 गेंद, 3 चौका) के रूप में भारत का पांचवां विकेट गिरा। इसके बाद छक्का लगाकर अपना 53वां अर्धशतक लगाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (50) अगली ही गेंद पर कैच आउट हो गए।

पहले बल्‍लेबाजी का न्योता मिलने के बाद न्यूजीलैंड ने एक बार फिर बेहतरीन शुरुआत की। हालांकि पहले विकेट ‌के लिए मार्टिन गुप्टिल और जेसी राइडर 36 रनों की साझेदारी कर सके।

बाएं हाथ के बल्‍लेबाज राइडर इस बार भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 20 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए।
विज्ञापन

मार्टिन गुप्टिल ने जड़ा शतक

लेकिन इसके बाद गुप्टिल ने केन विलियम्सन के साथ दूसरे विकेट के लिए 153 रनों की शतकीय साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया।

विलियम्सन ने सीरीज में लगातार तीसरी बार अर्धशतकीय पारी खेली और 65 रन बनाने के बाद मोहम्मद शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। हालांकि दूसरे छोर पर टिके मार्टिन गुप्टिल ने शतक लगा दिया। यह उनके करियर का पांचवां शतक है।

न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय 34 ओवर में 200 रन था लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबर्दस्त वापसी करते हुए कीवी बल्‍लेबाजों पर लगाम लगाया। लंबे समय बाद भारत ने स्लॉग ओवरों में काफी रन बचाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें