पांच बार की चैंपियन टीम इंडिया अपने नए कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में एशिया कप में मेजबान बांग्लादेश के खिलाफ बुधवार से अपने अभियान की शुरूआत करेगी।
भारतीय टीम पर उस पर विदेशी जमीन पर पिछले खराब प्रदर्शन की आलोचनाओं को पीछे छोड़ने के साथ ही दिग्गजों की अनुपस्थिति में बेहतर प्रदर्शन करने की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी होगी। भारत ने एशिया कप टूर्नामेंट में सबसे अधिक पांच बार जीत दर्ज की है लेकिन मेजबान होने के साथ ही घरेलू दर्शकों के समर्थन से बांग्लादेश टीम कड़ी चुनौती पेश करने में सक्षम है।
पिछले कुछ समय में बांग्लादेश की टीम काफी मजबूत हुई है जबकि विदेशी जमीन पर हाल ही में हार का दंश झेल चुकी भारतीय टीम इस समय मनोवैज्ञानिक रूप से दबाव में है। साल 2014 में भारतीय टीम को अब तक एक भी जीत नसीब हुई है। यह मैच फातुल्लाह में बुधवार को दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होगा।
बल्ले के साथ-साथ होगी एक और बड़ी चुनौती
विराट कोहली को मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अनुपस्थिति में कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है। विराट के लिए जहां यह खुद को कप्तान के रूप में साबित करने का एक बेहतरीन मौका है तो वहीं उनके लिए यह स्थिति इम्तिहान से कम नहीं है।
टीम को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है तो दूसरी ओर उसमें धोनी जैसे अनुभवी कप्तान सहित सुरेश रैना और युवराज सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद नहीं हैं। हालांकि खुद विराट का मानना है कि टीम के पास कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं जिनसे उन्हें काफी उम्मीदें हैं।
विराट ने विदेश में भी खुद को बल्ले से साबित किया है लेकिन कई अहम मौकों पर शिखर धवन, आलराउंडर रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा जैसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज खुद को साबित नहीं कर सके हैं। ऐसे में कप्तान विराट को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तैयार रहना होगा। विराट के सामने आईसीसी रैंकिंग में टीम को नंबर दो के स्थान पर बनाए रहने की चुनौती भी बनी हुई है। यदि एशिया कप में टीम इंडिया पड़ोसी मुल्कों के सामने अच्छा प्रदर्शन करने से चूक जाती है तो उसके लिए यह स्थान बचाना भी मुश्किल हो जाएगा।
गेंदबाजों पर होगा खास दारोमदार
बल्लेबाजों की ही तरह बांग्लादेश में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका होगी। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ संपन्न वनडे सीरीज में मोहम्मद शमी, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, रविंद्र जडेजा और वरुण आरोन का गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन रहा था।
इसके अलावा तेज गेंदबाज ईश्वर पांडे को एक अभ्यास मैच खेलने का मौका मिला था जिसमें उन्होंने सर्वाधिक चार विकेट लेकर खुद को साबित किया था। टीम में स्टुअर्ट बिन्नी के रूप में आलराउंडर शामिल हैं।
दूसरी ओर, हाल ही में बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 0-3 से धो दिया था। मेजबान कप्तान मुशफिकुर रहीम के नेतृत्व में टीम पर पिछली हार के दाग को धोने और भारत जैसी मजबूत टीम से पार पाने की चुनौती होगी।
मेजबानों को हल्के में लेने की भूल नहीं करेंगे
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा कि बांग्लादेश टीम में साकिब अल हसन और तमीम इकबाल जैसे दिग्गज खिलाड़ी नहीं होने के बावजूद उनकी टीम मेजबानों को हल्के में नहीं लेगी।
कार्तिक ने कहा, "बांग्लादेश वनडे की अच्छी टीम है और यह बात सभी टीमों को पता है। उन्होंने हाल में श्रीलंका के खिलाफ काफी नजदीकी मुकाबले खेले थे जबकि न्यूजीलैंड टीम को 3-0 से शिकस्त दी थी। तमीम और साकिब मेजबान टीम के अहम खिलाड़ी हैं लेकिन इन दोनों के टीम में न होने के बावजूद हम बांग्लादेश टीम को हल्के में नहीं लेंगे।"
जहां तक एशिया कप की बात है भारत ने अब तक बांग्लादेश से नौ मैच खेले जिसमें आठ में जीते हैं। साथ ही 24 मैच भारत ने कुल बांग्लादेश से अभी तक खेले हैं और 21 में जीत दर्ज की है।