मैन ऑफ द मैच गुरकीरत सिंह मान (नाबाद 87) के शानदार अर्द्धशतक की बदौलत इंडिया ‘ए’ ने शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ को चार विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने नौ विकेट पर 226 रन बनाए। कप्तान उस्मान ख्वाजा ने सबसे अधिक 76 रन बनाए जबकि जोए बर्न्स ने 41 रन का योगदान दिया।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। भारत की ओर से कर्ण शर्मा ने तीन विकेट झटके जबकि अक्षर पटेल और गुरकीरत सिंह मान ने दो-दो विकेट झटके।
मयंक अग्रवाल मैन ऑफ द सीरीज
जवाब में 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ‘ए’ ने 43.3 ओवर में 6 विकेट पर 229 रन बनाकर यह मैच जीत लिया। इंडिया ‘ए’ ने एक समय 142 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे।
ऐसे में गुरकीरत ने 85 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों से नाबाद 87 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। गुरकीरत ने संजू सैमसन के साथ सातवें विकेट के लिए नाबाद 87 रनों की साझेदारी की।
सैमसन 24 रन पर नाबाद लौटे। मयंक अग्रवाल ने 32, कप्तान उन्मुक्त चंद ने 24 और केदार जाधव ने 29 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के लिए एस्टन एगर ने दो विकेट झटके। मयंक अग्रवाल को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर : ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ 9 विकेट पर 226 रन (ख्वाजा 76, बर्न्स 41, हेड 20, फर्ग्युसन 21, एगर 15, जाम्पा 15, पैटिनसन 11, अक्षर 25-2, कुलकर्णी 32-1, गुरकीरत 42-2, नायर 33-1, कर्ण 37-3)। इंडिया ‘ए’ 43.3 ओवर में 6 विकेट पर 229 रन (मयंक 32, उन्मुक्त 24, जाधव 29, गुरकीरत 87*, अक्षर 16, सैमसन 24*, नाइल 49-1, संधू 38-1, एगर 39-2, जाम्पा 61-1)।