एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता और प्रथम देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित कैप्टन हरि सिंह थापा के नाम पर 8 मई से दून में बॉक्सिंग का मुकाबला शुरू होगा। प्रतियोगिता में 11 टीमों के 101 खिलाड़ियों के बीच चैंपियन बनने की रोमांचक जंग होगी।
मंगलवार को परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग रिंग के समीप प्रतियोगिता की आयोजन कमेटी की पत्रकार वार्ता हुई। आयोजन समिति के अध्यक्ष पीएस गुरुंग ने बताया कि पहली बार बॉक्सिंग को आगे बढ़ाने के लिए शहर में आमंत्रण बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।
इसका उद्देश्य जिले में बॉक्सिंग के गिरते ग्राफ को ऊपर उठाना है। प्रतियोगिता से पहले समय-समय पर शहर के बाहरी क्षेत्रों में विशेष कैंप भी लगाए गए थे। प्रतियोगिता में देहरादून के साथ ही हरिद्वार, विकासनगर और कैंपटी (मसूरी) की टीमें भी प्रतिभाग कर रही हैं।
तियोगिता का उद्घाटन 8 मई 2015 को शाम 3 बजे होगा। समापन 10 मई शाम 6 बजे होगा। प्रतियोगिता में बालक-बालिका सब जूनियर के 5 और जूनियर के 3 आयु वर्ग रखे गए हैं। जिसमें कुल 16 खिलाड़ी विजेता और उपविजेता बनेंगे। जबकि 32 खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता की आयोजन सचिव पूजा यादव ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। कुल 101 खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता में अर्जुन अवॉर्डी पदम बहादुर मल्ल, जिला खेल अधिकारी सतीश सार्की, जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव एसके अग्निहोत्री, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर सीबी थापा, डीएम लखेड़ा आदि मौजूद रहे।