सलामी जोड़ी की शतकीय शुरुआत और अरुण (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी से यूनीडो ने 32वें उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
बृहस्पतिवार को यूनीडो ने डीएएससीबी नई दिल्ली को 121 रन से शिकस्त देकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
विवेक ने तोड़ी साझेदारी
रेंजर्स ग्राउंड में डीएएससीबी ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यूनीडो की सलामी जोड़ी ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। प्रमोद चंदीला और उदित मोहन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 17.2 ओवर में 115 रन कूट डाले।
इस साझेदारी को विवेक ने उदित मोहन को आउट कर तोड़ा। 143 के स्कोर पर प्रमोद भी चरनजीत की सीधी गेंद पर पैर अड़ा बैठे।
348 रनों का विशाल लक्ष्य
विक्रम धारीवाल और अजमेर ने चौथे विकेट के लिए 142 रन जोड़े। 297 पर विक्रम और अजमेर दोनों आउट हो गए। टीम ने निर्धारित 45 ओवर में 6 विकेट पर 347 का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में डीएएससीबी की बल्लेबाजी बड़े स्कोर के दबाव में शुरुआत में ही बिखर गई। पहले ओवर में दीपक के आउट होने के बाद 6 बल्लेबाज 67 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट गए। डीएएससीबी की पूरी टीम 226 रन पर सिमट गई।