देहरादून में चल रहे गर्ल्स चैलेंज कप में शुक्रवार को हुए मैच में देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने एमकेपी इंटर स्कूल को 1-0 से मात दी।
क्वार्टर फाइन मुकाबले शुरू
राजधानी के पवेलियन ग्राउंड में यह मैच सुबह आठ बजे खेला गया। इसके बाद दोपहर एक बजे से क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए।
जिसमें पहला मैच होप टाउन गर्ल्स स्कूल व तिब्बतन चिल्ड्रेन विलेज स्कूल के बीच खेला जाएगा। क्वार्टर फाइनल मैच शाम चार बजे तक खेले जाएंगे।
इससे पहले गुरुवार को बीते साल की चैंपियन यूनीसन वर्ल्ड स्कूल ने अपने अंतिम लीग मैच में आधा दर्जन से अधिक गोलों से जीत हासिल कर शान से अंतिम आठ में जगह बनाई।
वहीं तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज स्कूल और होपटाउन गर्ल्स स्कूल-ए भी जीतने में सफल रहे। जबकि ऑल सेंट कॉलेज नैनीताल व मोरेवियन स्कूल और केवि बीरपुर व दून इंटरनेशनल स्कूल के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर खत्म हुआ।
यूनीसन वर्ल्ड स्कूल बनाए रखी पकड़
पवेलियन ग्राउंड में दिन का अंतिम मैच यूनीसन वर्ल्ड स्कूल-ए और होपटाउन गर्ल्स स्कूल-बी के बीच खेला गया। यूनीसन वर्ल्ड स्कूल ने शुरुआत से ही पूरे मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी और 7-0 से बड़ी जीत हासिल की।
मोक ने 12वें व 13वें मिनट में लगातार गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। हरलीन ने 19वें , साक्षी ने 23वें मिनट गोल दागकर टीम को पहले हाफ में ही 4-0 से आगे कर दिया।
कृष्णा ने 39वें व 41वें और चारु ने 48वें मिनट गोल कर यूनीसन वर्ल्ड स्कूल-ए को 7-0 की जीत दिलाई। वहीं सुबह पहला मैच तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज स्कूल और मां आनंदमयी मेमोरियल स्कूल के बीच खेला गया।
अपने पूल में एक जीत और एक हार के साथ दूसरे नंबर की जगह के लिए खेल रही तिब्बतन विलेज ने आक्रामक शुरुआत की। मैच के 18वें मिनट में पल्की ने गोल कर तिब्बतन विलेज को 1-0 से बढ़त दिलाई।
तिब्बतन विलेज का आक्रामक खेल
24वें मिनट में निशमार ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। पहले हाफ में आधा खेल मां आनंदमयी मेमोरियल स्कूल के हाफ में ही होता रहा। दूसरे हाफ में भी तिब्बतन विलेज ने आक्रामक खेल जारी रखा।
मैच के 38वें और 41वें मिनट में लगातार दो गोल कर पल्की ने हैट्रिक पूरी करने के साथ ही टीम को 4-0 की बढ़त दिलाई। मैच के अंत तक तिब्बतन विलेज ने 4-0 की बढ़त कायम रखकर जीत हासिल कर ली।
अन्य मैचों में कसिगा स्कूल का सामना होपटाउन गर्ल्स स्कूल-ए से हुआ। रिनी के 25वें, 28वें और 41वें मिनट में किए तीन गोलों की मदद से होपटाउन गर्ल्स स्कूल-ए ने 4-0 से जीत हासिल की। एक गोल सिमली ने 21वें मिनट में दागा।