फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'डंकन को बर्खास्त करो और द्रविड़ को बनाओ कोच'

Tue, 11 Mar 2014 10:49 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
टीम इंडिया के लगातार खराब प्रदर्शन से पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर बेहद निराश हैं और उन्होंने एक बार फिर कोच डंकन फ्लेचर पर निशाना साधा है।
विज्ञापन


गावस्कर ने फ्लेचर को कोच पद से तुरंत हटाने की मांग करते हुए महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का चीफ कोच बनाने की सलाह दी है।

पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रहे गावस्कर ने कहा, "मैं डंकन फ्लेचर को सफलता के मापदंड पर 10 में से सिर्फ डेढ़ अंक दूंगा। मेरा मानना है कि टीम इंडिया को अब किसी युवा कोच की जरूरत है। राहुल द्रविड़ एक ऐसा ही सम्मानित नाम है और उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में सीरीज जीती हैं।"

जिसे इंग्लैंड ने रिजेक्ट किया उसे हमने मौका दिया

सुनील गावस्‍कर ने राहुल द्रविड़ की तारीफ करते हुए कहा कि जब वह बोलते हैं तो वे भारतीय खिलाड़ी भी जो सुपर स्टार हैं, उन्हें सुनते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उनकी अपने खेल को लेकर तैयारियां कितनी पुख्ता हैं।

दूसरी ओर, फ्लेचर पर बोलते हुए गावस्कर ने कहा कि उन्‍होंने टीम को काफी हानि पहुंचाई है और 2011 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारतीय टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है।

पूर्व कप्तान ने कहा, "मैं जानता हूं कि वनडे प्रारूप के वर्ल्ड कप को अब सिर्फ 11 महीने शेष हैं और लोग स्पोर्ट स्टाफ को इधर-उधर नहीं करना चाहते लेकिन फ्लेचर ने किया क्या है। उन्होंने कुछ नहीं किया। एक क्रिकेटर के तौर पर उनकी उपलब्धियां कुछ भी नहीं हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया।"

टीम को आगे ले जाने वाला कोच चाहिए

गावस्कर ने कहा, "कोच ऐसा होना चाहिए जो आधुनिक खेल के साथ जुड़ा हुआ हो और टीम को आगे ले जाए। यदि वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और हरभजन सिंह जैसे स्टार खिलाड़ियों को खराब फॉर्म के कारण बाहर किया जा सकता है तो खराब प्रदर्शन के आधार पर सपोर्ट स्टाफ को क्यों नहीं हटाया जाता। फ्लेचर की साख कभी गैरी कस्टर्न और जॉन राइट जैसी नहीं थी जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उपलब्धियां हासिल की हैं।"

इस बीच गावस्कर ने कहा कि पिछले तीन सालों में भारतीय टीम में कुछ भी सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, "डंकन फ्लेचर के कार्यकाल में देखे तो एक टीम के तौर पर कुछ भी सुधार नहीं हुआ है। खिलाड़ियों में भी व्यक्तिगत तौर पर कोई सुधार नहीं हुआ है। अब इस गिरावट को रोकने की जरूरत है। अभी वर्ल्ड कप शुरू होने में 11 महीने का समय है। यह समय काफी है लेकिन वर्तमान में कुछ भी नहीं हुआ है।"
विज्ञापन

एशिया कप के दौरान भी निकाली थी भड़ास

पूर्व क्रिकेटर और कमेंट्रेटर सुनील गावस्कर एशिया कप के दौरान भी टीम इंडिया और कोच पर अपनी भड़ास निकाल चुके हैं। एशिया कप के दौरान खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया की भी आलोचना की ‌थी।

उन्होंने टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अंतिम मैच में चेतेश्वर पुजारा और ईश्वर पांडे को मौका नहीं दिए जाने पर विराट कोहली और टीम प्रबंधन पर जमकर लताड़ लगाई थी।

भारत इस टूर्नामेंट में पहले श्रीलंका और फिर बाद में पाकिस्‍तान के हाथों हार गया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें