पिथौरागढ़ में चल रही अनुसूचित जनजाति के बालकों की राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ के लवराज टोलिया के 4 गोल की मदद से पिथौरागढ़ ने ऊधमसिंह नगर को 12-0 से रौंदा।
खेल स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के बीच मैच खेला गया। इसमें पहले हाफ में पिथौरागढ़ के लवराज टोलिया के चार गोल की मदद से टीम ने 8-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में भी पिथौरागढ़ ने चार गोल किए। जबकि ऊधमसिंह नगर एक भी गोल नहीं कर सकी।
वहीं, अल्मोड़ा और चमोली के बीच दूसरा मैच खेला गया। पहले हाफ के 15वें मिनट में अल्मोड़ा के करन बृजवाल ने गोल किया। इसके बाद पूरन सिंह और दक्ष धर्मशक्तू ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में मयंक रावत ने चौथा, दक्ष धर्मशक्तू ने पांचवां, नीरज रावत ने छठा, मयंक रावत ने सातवां गोल दागा। विपक्षी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। इसके बाद अल्मोड़ा और उत्तरकाशी के बीच खेले गए मैच में अल्मोड़ा 4-0 से जीता।
रेफरी यतीश ओझा, देवेंद्र रावत थे। इससे पहले जिला खेल अधिकारी विनोद वल्दिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया।