खिलाड़ी चाहे किसी भी खेल का हो, ब्राजील में हो रहे फुटबॉल वर्ल्डकप से वह क्रेजी हुआ जा रहा है। चंडीगढ़ के गोल्फर, शूटर, रेसलर, आर्चर हों या हैंडबॉल खिलाड़ी सबकी नजरें इन दिनों फुटबॉल पर हैं।
गोलफर तवलीन मैसी की फैन
शहर की इंटरनेशनल गोल्फ खिलाड़ी तवलीन बतरा मैसी की फैन हैं। अर्जेंटीना उनकी पसंदीदा टीम है। वह कहती हैं गोल्फ के बाद मुझे फुटबॉल से ही लगाव है। मैसी की जोरदार किक इंप्रैस करती है। उसमें ताकत और कलात्मकता का बेजोड़ मिश्रण है।
लेते हैं तालमेल की सीख
इंटरनेशनल हैंडबॉल खिलाड़ी सचिन के अनुसार वर्ल्डकप फुटबॉल का मैच देखने के लिए वह समय निकालते हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टीनो रोनाल्डो उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं। सचिन के अनुसार फुटबॉल के खेल से खिलाड़ियों में आपसी तालमेल कैसे बनता है, इसकी प्रेरणा मिलती है।
रेसलर डागर डट जाते हैं टीवी के सामने
इंटरनेशनल सतिंदर डागर के अनुसार वह फुटबॉल का मैच देखने के लिए टीवी के सामने डट जाते हैं। ब्राजील की टीम उनकी फेवरेट है, क्योंकि इस टीम में जीत की भूख अन्य से काफी ज्यादा है।
नेमार की तकनीक के कायल कपिल
अतंरराष्ट्रीय आर्चर कपिल के पसंदीदा फुटबॉलर ब्राजील के नेमार हैं। वह नेमार की तेजी के कायल हैं। इसी तरह शूटर अजितेश स्पेन की हार को खेल की किताब का एक नया सबक मानते हैं। वह कहते हैं कि स्पेन की हार से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला।