दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पिछले वर्ल्ड कप में पॉल बाबा नाम के ऑक्टोपस ने अपनी सटीक भविष्यवाणियों से सबको अपना दीवाना बना लिया था।
4 साल बाद फिर से शुरू हुए वर्ल्ड कप में सभी का सवाल यही था कि इस बार कौन सा जानवर पॉल बाबा की जगह लेगा। 2010 में वर्ल्ड कप के बाद पॉल बाबा की मृत्यु हो गई थी।
इस बार मछली और हाथी समेत कई जानवर भविष्यवाणी करने की रेस में थे, लेकिन अब तक एक ऊंट ने अपनी सटीक भविष्यवाणियों से प्रशंसकों का मन मोह लिया है। शाहीन नाम का इस ऊंट ने इटली के खिलाफ इंग्लैंड की हार की भविष्यवाणी की जो सही साबित हुई।
सही निकली सभी भविष्यवाणियां
वर्ल्ड कप फुटबॉल में दुबई का एक ऊंट शाहीन गजब की भविष्यवाणियां कर रहा है। शाहीन ने शनिवार को इंग्लैंड पर इटली की जीत की भविष्यवाणी की थी, जो बिल्कुल सच साबित हुई।
शुक्रवार को स्पेन और नीदरलैंड्स के बीच फीफा वर्ल्ड कप में खेले गए मैच से पहले भी शाहीन ने स्पेन की हार और डच टीम की जीत की भविष्यवाणी की थी।
शाहीन ने क्रोएशिया के खिलाफ ब्राजील की जीत की भी भविष्यवाणी की थी। इस तरह शाहीन की अभी तक तीन भविष्यवाणियां बिल्कुल सच साबित हुई हैं।
कैसे करता हैं ऊंट अपनी भविष्यवाणी?
मुकाबले वाले दिन शाहीन दोनों टीमों के झंडे के निशान वाले लकड़ी के स्टैंड को अपनी नाक से छूता है।
शाहीन ने ब्राजील और क्रोएशिया के मैच में ब्राजील के झंडे को अपनी नाक से छुआ था। इस मैच में ब्राजील ने क्रोएशिया को 3-1 से हरा दिया।
शुक्रवार के मैच से पहले उसने नीदरलैंड्स के झंडे वाले लकड़ी के स्टैंड को काटा, जो एक तरह से इस बात का संकेत था कि नीदरलैंड्स की जीत जोरदार होगी। (फोटो-गल्फ न्यूज)