दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंका के तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद ने ताबड़तोड़ 4 विकेट झटककर इंग्लैंड की हालत बेहद खराब कर दी थी।
और लग रहा था कि 350 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मेजबान टीम मैच के अंतिम दिन लंच से पहले आउट हो जाएगी।
शीर्ष क्रम की नाकामी के बाद मध्य क्रम के बल्लेबाज मोइन खान ने एक छोर पर बेहद साहसिक पारी खेलकर अपनी टीम की हार को टालने का हरसंभव प्रयास किया और मैच के रोमांच को अंतिम ओवर तक खींच कर ले गए। लेकिन अली के साथी बल्लेबाज जेम्स एंडरसन अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए और टीम एक गेंद शेष रहते हार गई।
इरंगा ने दिलाई आखिरी सफलता
लीड्स में खेले गए उतार-चढ़ाव से भरे दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका ने एक गेंद शेष रहते इंग्लैंड को 100 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से जीत ली।
350 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मोइन अली ने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते 108 रन जरूर बनाए लेकिन वह टीम की हार को नहीं टाल सके। इंग्लैंड दूसरी पारी में 249 रन बनाकर आउट हो गया।
मोइन अली ने 71वें ओवर में ही 7 विकेट गिर जाने के बाद 117वें ओवर तक पुछल्ले बल्लेबाजों के सहारे टीम की हार को टालते रहे लेकिन एक गेंद पहले जेम्स एंडरसन (0) को शमिंडा इरंगा ने आउट कर श्रीलंका को अप्रत्याशित जीत दिला दी।
इंग्लैंड के 4 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके
मोइन अली के शतक को छोड़ दिया जाए तो इंग्लैंड के 4 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। पहली पारी में 4 विकेट और दूसरी पारी में 160 रनों की पारी खेलने वाले श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद ने सर्वाधिक 5 जबकि रंगाना हेराथ ने 3 विकेट लिए। विदेशी धरती पर एक पारी में 5 विकेट लेने वाले श्रीलंका के 31वें तेज गेंदबाज बने। इंग्लैंड में ऐसा महज दूसरी बार हुआ है कि जब श्रीलंका के किसी तेज गेंदबाज ने एक पारी में 5 विकेट झटके हैं।
इस बीच पांचवें दिन बारिश के कारण भी मैच लगभग 2 घंटे तक प्रभावित हुआ। दो मैचों की सीरीज श्रीलंका ने 1-0 से जीत ली है। लॉर्ड्स में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था।