चौथे टेस्ट में मिली शर्मनाक हार की निराशा को भुलाकर टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रहे पांचवें टेस्ट से पहले बुधवार को एक बार फिर पूरे दमखम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।
चोट से जूझ रहे इशांत शर्मा जहां अभ्यास के दौरान बिल्कुल फिट दिखे वहीं कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अनुपस्थिति ने सबको चौंका दिया। टीम अधिकारियों के मुताबिक धोनी पांच घंटे की बस यात्रा करके मंगलवार को यहां पहुंचे थे। यात्रा में थकान के कारण उन्होंने परिवार के साथ आराम करना ही मुनासिब समझा।
मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट में तीन दिन में ही मिली पारी और 54 रन की हार के बाद भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-2 से पिछड़ रही है। उस हार के बाद भारतीय टीम पहली बार नेट पर अभ्यास करने बुधवार को उतरी। धोनी की अनुपस्थिति में कोच डंकन फ्लेचर और उपकप्तान विराट कोहली ने अभ्यास के दौरान टीम का नेतृत्व किया।
अभ्यास के दौरान इशांत बिल्कुल फिट दिखे। इशांत ने मंगलवार को भी ओवल में जमकर अभ्यास किया था। अंतिम एकादश में उनके खेलने को लेकर फैसला बृहस्पतिवार को धोनी के अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने के दौरान किया जाएगा। इशांत लॉर्ड्स में मिली ऐतिहासिक 95 रन की जीत के दौरान चोटिल हो गए थे।
इस बीच इंग्लैंड के भी सभी खिलाड़ियों ने नेट पर खूब पसीना बहाया। हालांकि अपनी नाक तुड़वा चुके स्टुअर्ट ब्रॉड ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। वैसे टीम प्रबंधन पहले ही संकेत दे चुकी है कि ब्रॉड पांचवें टेस्ट में खेल सकते हैं।