कबड्डी के खिलाड़ियों के अब दिन फिरने शरू हो गए हैं। आईपीएल की तर्ज पर शुरू होने जा रही इंडियन कबड्डी लीग के आने से खिलाड़ियों को आर्थिक मदद मिलेगी। देश में सबसे पहले आईपीएल शुरू हुई तो क्रिकेट के खिलाड़ी मालामाल हो गए।
इसके बाद इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल), इंडियन फुटबाल लीग (आईएपएल) की शुरूआत होने से इन खेलो से जुड़े खिलाड़ियों को भी पैसा मिलने लगा। देश में पहली बार शुरू होने जा रहे आईकेएल में सिटी ब्यूटीफुल के कुलदीप सिंह को पटाना की टीम ने 4.20 लाख में खरीदा है।
सेक्टर 42 स्थित कबड्डी सेंटर के ट्रेनी रहे कुलदीप सिंह आईकेएल में अपनी पहली पारी खेलने के लिए तैयार है। सेंटर के कोच दविंदर सिंह ने बताया कि कुलदीप शुरू से ही बेहतरीन खिलाड़ी रहा है।
खिलाड़ियों की स्थिति होगी मजूबत
नेशनल लेवल के कबड्डी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह का कहना है कि आईकेएल के आने से कबड्डी का काफी विकास होगा। इस खेल में अपने बच्चों को डालने में कम ही अभिभावक रुचि दिखाते थे, लेकिन आईकेएल के आने से खिलाड़ियों को पैसा मिलना शुरू हुआ है और उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
आईकेएल में होगी आठ टीमें
26 जुलाई से देश में पहली बार शुरू होने जा रही आईकेलएल में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें दिल्ली, जयपुर, कोलकता, पटना, पुणे, बंगलूरू, मुंबई, चेन्नई की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें हर टीम में तीन से अधिक विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।