सिटी ब्यूटीफुल के एथलीट हुसनदीप सिंह स्कॉटलैंड में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में दावेदारी पेश करेंगे। स्कॉटलैंड में 23 जुलाई से कॉमनवेल्थ गेम्स होने हैं। इसमें भारतीय एथलेटिक्स टीम के कैंप में शहर के स्टार एथलीट हुसनदीप को भी शामिल किया गया है। वह 100 मीटर रेस में हिस्सा लेंगे।
हुसनदीप सिंह शहर से एकमात्र एथलीट हैं, जिनका चयन भारतीय एथलेटिक्स टीम के कैंप के लिए हुआ है। अब उनका इरादा कैंप के बाद चयनित टीम में शामिल होकर कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतें।
हुसनदीप सिंह शहर के तेजी से उभरते हुए युवा एथलीट हैं। डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में बीए प्रथम वर्ष के छात्र एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर के शानदार धावक हैं। हुसनदीप सिंह ने पिछले कुछ वर्षों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताआें में लगातार मेडल जीतते आ रहे हैं।
पिता से ली प्ररेणा
हुसनदीप सिंह के पिता खुद एथलीट रह चुके हैं और स्टेट लेवल पर बेहतरीन प्रदर्शन भी कर चुके हैं। एथलीट बनने की प्ररेणा उन्हें अपने पिता से ही मिली। हुसनदीप के अनुसार उनके एथलीट बनने में उनके पूरे परिवार का उन्हें सहयोग मिलता रहा है।
बिना कोच के करते है ट्रेनिंग
हुसनदीप ने बताया कि उन्होंने आज तक बिना कोच के खुद ही ट्रेनिंग की है। उनके अनुसार आज तक मैंने किसी से ट्रेनिंग नहीं ली और न उनका कोई कोच है। वह इंटरनेट पर एथलेटिक्स की नई-नई जानकारियां जुटाने के बाद अभ्यास करते हैं।
उपलब्धियां
- 2008 में कैरियर शुरू करने वाले हुसनदीप सिंह ने पहली बार डिस्ट्रिक्ट लेवल पर हिस्सा लेते हुए सिल्वर मेडल जीता।
- 2012 में जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।
- 2012 में बेंगलुरू में जूनियर यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल जीता।
- 2013 में रांची में खेली गई साउथ एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सौ, दो सौ मीटर, चार गुणा चार सौ मीटर रेस में हिस्सा लेते हुए तीन सिल्वर मेडल जीते।