न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए आज अपनी 13 सदस्यीय टीम की घोषित कर दी है।
विज्ञापन
मेजबान न्यूजीलैंड ने ब्रैंडन मैकुलम की अगुवाई में मजबूत टीम की घोषणा करते हुए पिछली टीम से कोलिन मुनरो को बाहर कर दिया है। जबकि टिम साउथी को टीम में फिर से वापस बुला लिया गया है। साउथी वेस्ट इंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के दौरान पैर के अंगूठे पर चोट लगने के कारण मैदान से बाहर हो गए थे।
विदेशी धरती पर पेस और बाउंस हमेशा ही टीम इंडिया के लिए चुनौती रही है लेकिन न्यूजीलैंड के पूर्व पेसर सिमॉन डौल का कहना है कि भारतीय युवा ब्रिगेड में हरी घास पर कीवी पेसरों का सामना करने माद्दा है। लिहाजा आगामी सीरीज में न्यूजीलैंड टीम का सही टेस्ट होगा। भारतीय टीम रविवार को पहले वनडे में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
सिमॉन ने कहा, "भारतीय युवा टीम नई लुक में दिखाई दे रही है। टीम युवाओं से भरपूर है और इसमें कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो शॉट मेकर हैं। उन्होंने आईपीएल में मिचेल जॉनसन और डेल स्टेन सरीखे तेज गेंदबाजों का सामना बखूबी किया है।"
उन्होंने कहा, "यह सही है कि मेहमानों के लिए यहां की घसियाली पिच हमेशा ही घातक रही है। लेकिन मेरा मानना है कि इस पिच पर भारतीय बल्लेबाजी उस तरह से धराशायी नहीं होगी, जिस तरह से हालिया सीरीज में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी हुई है। भारतीय टीम में पहले से सातवें क्रम तक उम्दा बल्लेबाज हैं।"
न्यूजीलैंड दौरे का प्रसारण सोनी सिक्स पर
19 जनवरी से शुरू हो रहे भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे का प्रसारण खेल और मनोरंजन चैनल सोनी सिक्स पर किया जाएगा।
मल्टी स्क्रीन मीडिया की स्वामीत्व वाले चैनल पर वनडे के साथ ही टेस्ट मैच भी प्रसारित किए जाएंगे। टीम इंडिया के 30 दिन के इस दौरे की शुरुआत पांच मैचों की वनडे सीरीज से होगी जिसके बाद दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
वनडे सीरीज का पहला मैच 19 को नेपियर में खेला जाएगा। पांचों वनडे मैच 6.30 बजे शुरू होगा। मल्टी स्क्रीन मीडिया के एक अन्य चैनल सेट मैक्स पर 2008 से आईपीएल मैचों का प्रसारण हो रहा है। और उसके पास 2017 तक इस टूर्नामेंट के प्रसारण के अधिकार हैं।
टीम इंडिया की नई फौज देगी कड़ी टक्कर
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज सिमॉन डौल मानते हैं कि इस सीरीज में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों और भारतीय बल्लेबाजों के बीच जोरदार जंग देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा, "जब आप पेस और स्पिन से उन्हें डराएंगे तो रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जैसे बल्लेबाज आपको बखूबी जवाब देंगे। युवा भारतीय बल्लेबाज पेस का सामना अच्छी तरह से कर रहे हैं और उन्होंने आईपीएल में जॉनसन और स्टेन सरीखे गेंदबाजों का सामना बखूबी किया है।"
उनके अनुसार, भारतीय बल्लेबाजों में अच्छी, धीमी, शॉर्ट पिच और पेस गेंदबाजी का सामना करने की क्षमता है। लिहाजा इस सीरीज में न्यूजीलैंड टीम की ही सही परीक्षा होगी।
44 वर्षीय सिमॉन डौल ने न्यूजीलैंड के लिए 32 टेस्ट मैच के अलावा 42 वनडे खेले हैं।
उन्होंने यह भी कहा, "न्यूजीलैंड की पिच भारतीयों के लिए चिंता का सबब नहीं है। नेपियर में पिच ठोस और तेज है और कुछ इसी तरह हेमिल्टन और ऑकलैंड में है। लिहाजा इन विकेटों पर काफी रन बन सकते हैं और वे इसे पसंद करना चाहेंगे। सिर्फ विकेटों के बीच रनिंग सही रहनी चाहिए।"