नेता जी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में सिलेक्शन के लिए चल रहे फाइनल ट्रायल में अंतिम दिन बड़ा उल्टफेर हो गया।
स्टार महिला बॉक्सर मैरीकॉम को 51 किलोग्राम भार वर्ग में रेलवे की पिंकी रानी ने हरा कर कामनवेल्थ खेलों के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। पिंकी रानी के मजबूत खेल का तजुर्बेकार मैरीकॉम के पास कोई जवाब नहीं था।
महिलाओं के अन्य मुकाबलों में 75 किलोग्राम भार वर्ग में पूजा रानी ने नीतू चहल को और 60 किलोग्राम में सरिता देवी ने पवित्रा को पराजित किया।
वहीं पुरुषों के फाइनल सिलेक्शन ट्रायल्स में शुक्रवार को हुए बाउट्स में सेना के एल देविंदरों सिंह ने 49 किलो वर्ग में रेलवे के अमनदीप सिंह संगरूर को, 56 किलो वर्ग में राष्ट्र मंडल खेलों के गोल्ड मेडल विजेता शिवा थापा ने सेना के एमडी हसुमुद्दीन को, 69 किलो वर्ग में मनदीप जांगड़ा रेलवे ने हरियाणा के मनजीत सिंह को पराजित किया।
वहीं 64 किलो वर्ग में राष्ट्र मंडल खेलों के गोल्ड मेडल विजेता मनोज कुमार ने संदीप को, 81 किलो वर्ग में सुमित सांगवान ओएनजीसी ने रेलवे के कुलदीप सिंह पटियाला को, 91 किलो वर्ग में हरियाणा पुलिस के दिनेश कुमार ने पंजाब के अमृतप्रीत सिंह पटियाला को और प्लस 91 किलो वर्ग में रेलवे के परवीन कुमार ने सेना के सतीश कुमार को हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपनी दावेदारी पेश की।