सुप्रीम कोर्ट ने आईपीएल में सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण में एन श्रीनिवासन और 12 क्रिकेटरों के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए समिति के गठन पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
न्यायमूर्ति एके पटनायक की अध्यक्षता वाली पीठ ने पहले सुझाव दिया था कि न्यायपूर्ति मुद्गल समिति ही आगे भी जांच करे। लेकिन बीसीसीआई और श्रीनिवासन मुद्गल समिति से जांच को राजी नहीं है।
लिहाजा कोर्ट ने कहा कि वह इस पर फैसला बाद में सुनाया जाएगा। इस बीच बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष सुनील गावस्कर ने बोर्ड को नसीहत देते हुए कहा कि बोर्ड को अपनी गलतियों को सुधारने और कामकाज में पारदर्शिता लाने की जरूरत है।
पूरी जांच के बगैर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब तक सही तरीके से गठित जांच समिति आरोपों की विस्तार से तफ्तीश नहीं करती, वह श्रीनिवासन और 12 अन्य के खिलाफ मुद्गल समिति की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों पर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकता है।
इससे पहले बोर्ड की कार्यसमिति ने 20 अप्रैल को अपनी आपात बैठक में पूर्व आलराउंडर रवि शास्त्री, कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जेएन पटेल और सीबीआई के पूर्व निदेशक आरके राघवन को जांच समिति का सदस्य बनाया था।
लेकिन समिति के सदस्यों में हितों के टकराव के चलते इसका काफी विरोध हुआ। कोर्ट ने कहा कि जांच समिति के आरोपों पर वह अपनी आंखें नहीं मूंद सकता और तस्वीर साफ करने के लिए जांच जरूरी है क्योंकि लिफाफे में दी गई रिपोर्ट में कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के नाम शामिल है। इससे पहले न्यायमूर्ति मुद्गल ने 3 सदस्यीय समिति को सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट दी थी।
गावस्कर की बीसीसीआई को नसीहत
बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष सुनील गावस्कर ने कहा है कि बोर्ड को अपनी गलतियों को सुधारने और कामकाज में पारदर्शिता लाने की जरूरत है।
आईपीएल 7 के कामकाज पर नजर रखने के लिए बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष बनाए गए गावस्कर ने कहा कि मीडिया के साथ नियमित बातचीत करके ऐसा किया जा सकता है।
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि इससे बीसीसीआई के कामकाम में खुलापन आएगा। उदाहरण के लिए हमने आईपीएल में इसकी शुरुआत कर दी है और आने वाले समय में बीसीसीआई में भी ऐसा देखने को मिलेगा। हम ऐसी व्यवस्था बनाने की तरफ अग्रसर हैं जहां हर कोई निस्संकोच अपनी बात रख सकेगा और निर्णय लेने वाली प्रक्रिया में शामिल होगा। हमने गलती की है और आगे भी ऐसा हो सकता है लेकिन अगर हम इन गलतियों को स्वीकार करेंगे तो भविष्य में हमारा कामकाज बेहतर होगा।"
यूएई में हो सकता है चैंपियंस लीग
आईपीएल का 20 मैचों का यूएई चरण बुधवार को समाप्त हो रहा है। इसके बाद आईपीएल का काफिला भारत का रुख करेगा।
गावस्कर ने कहा, "यूएई में आईपीएल की सफलता ने इस स्थल को नए सिरे से देखने के लिए मजबूर कर दिया है। हमारे दिमाग में चैंपियंस लीग को इस वर्ष बाद में यूएई में कराने की योजना बन सकती है।"
आईपीएल की संचालन परिषद यूएई चरण का आकलन 3 मई को मुंबई में अपनी बैठक में करेगी। आईपीएल में गावस्कर के सलाहकार नियुक्त किए गए दीपक पारिख इन मैचों पर अपना फीडबैक इस बैठक में रखेंगे और साथ ही वे सुझाव देंगे जिनसे आईपीएल ब्रांड की छवि को और बेहतर किया जा सके।