बांग्लादेश में क्रिकेट के दीवानों की कोई कमी नहीं है। इस देश में कोई भी टीम खेले स्थानीय प्रशंसक विदेशी टीमों का जमकर उत्साह बढ़ाते हैं।
इस समय यहां पर ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है और इसका रोमांच अपने चरम पर है।
लेकिन टूर्नामेंट के आयोजकों ने एक अजीबोगरीब फरमान जारी करते हुए स्थानीय प्रशंसकों पर किसी दूसरे देश की टीम का झंडा लेकर स्टेडियम में जाने पर रोक लगा दी है। खासकर पाकिस्तान के राष्ट्रीय झंडे पर।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर लगाई रोक
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश ने एशिया कप की भी मेजबानी की थी और उस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान समेत पांच देशों ने भाग लिया था।
एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। लेकिन फाइनल समेत पाकिस्तान के कई मैचों में स्थानीय प्रशंसक पाक के राष्ट्रीय झंडे के साथ स्टेडियम में थे और इस टीम का समर्थन कर रहे थे।
बांग्लादेश आज (26 मार्च) ही के दिन विश्व पटल पर नए देश के रूप में उभरा था। बांग्लादेश 1971 से पहले पाकिस्तान का हिस्सा था और उस समय गृह युद्ध में बांग्लादेश में करीब 30 लाख लोग मारे गए थे। बांग्लादेश ने यह फैसला 44वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर लिया।
झंडा कानून का उल्लंघन है यह
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड को ऐसी जानकारी मिली की कि कुछ स्थानीय प्रशंसक विदेशी टीमों के राष्ट्रीय झंडे को लहरा रहे हैं और यह देश की झंडा नियम का सरासर उल्लंघन है।
बांग्लादेश ने स्थानीय लोगों को विदेशी झंडे के साथ जाने पर स्टेडियम में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। प्रवक्ता ने कहा कि हमने इस दिशा में कुछ निर्देश भी जारी किए हैं।
नए आदेश के तहत सुरक्षा अधिकारियों और गार्ड्स को आदेश दिया गया है कि वे इसे तय करें कि कोई भी बांग्लादेशी स्टेडियम में विदेशी झंडे के साथ प्रवेश नहीं करने पाए।
भारत-पाक के मैच में दिखे थे खूब पाक झंडे
एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप दोनों में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले हो चुके हैं और दोनों ही मैच में स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था तथा पाक का राष्ट्रीय झंडा खूब लहरा रहा था।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसे भारत-पाक मैच के बाद ही संज्ञान लिया क्योंकि इन मैचों में पाक का झंडा खूब दिख रहा था जबकि पाक से आए दर्शकों की संख्या ज्यादा नहीं थी।
ऐसा माना जा रहा है कि बांग्लादेश के दर्शक धार्मिक आधार पर पाकिस्तान टीम का समर्थन कर रहे हैं लेकिन यह पाकिस्तान ही है जिसके साथ बांग्लादेश में जमकर खूनी संघर्ष हुआ था और लाखों की संख्या में मारे गए थे।