विक्रम राणा ने सचिवालय क्लब की त्रैमासिक बैडमिंटन प्रतियोगिता में तिहरा खिताब अपने नाम कर लिया। महिला वर्ग में नीलम बिष्ट ने लता कोरंगा को पराजित कर खिताब कब्जाया।
खेले गए फाइनल मुकाबले
रविवार को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले गए। महिला एकल वर्ग में नीलम बिष्ट ने लता कोरंगा को 21-15, 21-13 और युगल वर्ग में लता कोरंगा व दीप्ति मिश्रा की जोड़ी ने नीलम व रीना को 21-15, 17-21, 21-18 से हराया।
पुरुष एकल वर्ग में विक्रम सिंह राणा ने भूपेंद्र बसेड़ा को 21-12, 9-21, 21-10 के अंतर से शिकस्त दी। पुरुष युगल वर्ग में विक्रम राणा व भूपेंद्र बसेड़ा की जोड़ी ने एसएस सजवाण व हीरा बसेड़ा की जोड़ी को 21-7, 18-21, 21-12 से मात दी।
मिश्रित युगल वर्ग में विक्रम सिंह राणा व लता कोरंगा की जोड़ी ने भूपेंद्र बसेड़ा व नीलम बिष्ट की जोड़ी को 21-8, 21-14 के अंतर से हराकर देकर खिताब जीता। समापन अवसर पर बैडमिंटन क्लब के कार्यकारिणी सदस्यों ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार बांटे।
इस दौरान बैडमिंटन कोच दीपक रावत, संजय रावत, सौरभ पांडे, सतीश लोधी, उज्जवल बहुगुणा, रंजीत, सिद्धांत ममगाईं आदि मौजूद थे।