उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद सभागार में अधिनियम, विनियम समिति के विशेषज्ञों ने हाईस्कूल बोर्ड में विज्ञान विषय से एमसीक्यू परीक्षा को समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
अब ऐसे होगी परीक्षा
इसके साथ ही विज्ञान की लिखित परीक्षा 80 अंक और प्रयोगात्मक परीक्षा 20 अंकों की कर दी गई है। बोर्ड सभापति चंद्र सिंह ग्वाल की अध्यक्षता और सचिव डा. डीके मथेला के संचालन में हुई बैठक शनिवार को देर शाम तक चली।
बैठक में सीबीएसई की भांति हाईस्कूल परीक्षा-2015 से विज्ञान विषय में वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा (एमसीक्यू) को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बोर्ड सभापति ग्वाल ने बताया कि एमसीक्यू परीक्षा के लिए निर्धारित 20 अंक सैद्धांतिक भाग में जोडे़ जाएंगे।
विज्ञान, गृह विज्ञान की परीक्षा योजना गणित, समाजिक विज्ञान विषयों की तरह ही 80 लिखित और 20 प्रयोगात्मक परीक्षा के निर्धारित किए जाएंगे।
विज्ञान के लिए परीक्षा योजना लिखित परीक्षा 60 अंक, एमसीक्यू-20 अंक और प्रयोगात्मक परीक्षा 20 अंक के स्थान पर अब लिखित परीक्षा 80 अंक, प्रयोगात्मक परीक्षा 20 अंक की होगी।
ग्वाल ने बताया कि परीक्षा समिति ने सभी मुख्य विषयों की परीक्षा योजना तथा उत्तीर्णता मापदंड में एकरूपता लाने के लिए गृह विज्ञान की परीक्षा योजना लिखित परीक्षा 75 अंक, प्रयोगात्मक परीक्षा 25 अंक के स्थान पर अब लिखित परीक्षा 80 अंक, प्रयोगात्मक परीक्षा 20 अंक की होगी।
समिति के सदस्यों ने दिए सुझाव
इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा वर्ष 2015 में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को प्रमाणपत्र सह अंकपत्र दिए जाने के प्रस्ताव के साथ प्रमाणपत्र सह अंकपत्र का अनुमोदन तथा हाईस्कूल कृषि विज्ञान, इंटमीडिएट समाजशास्त्र में अंकों के विभाजन के लिए अपनी संस्तुति प्रदान की गयी।
इस दौरान अधिनियम, विनियम संशोधन समिति के सदस्यों ने सुझाव भी दिए। बैठक में नवीन चंद्र पाठक, बीएमएस रावत, हरिप्रिया सती, डा. नंदन सिंह नेगी, बीडी अंडोला, प्रदीप डबराल, पी सुंदरियाल, डा. प्रेम चंद्र शास्त्री, राजेंद्र सिंह नेगी, मनोज कुमार पाठक सहित कई लोग मौजूद रहे।