स्पेनिश क्लब एटलेटिको मैड्रिड ने चेल्सी को 3-1 से हराकर चैंपियंस लीग फुटबॉल के खिताबी जंग में जगह बना ली है जहां उसका मुकाबला रियल मैड्रिड से होगा।
टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक ही शहर के दो क्लब फाइनल में आमने-सामने होंगे।
सेमीफाइनल के दूसरे चरण के इस मुकाबले में चेल्सी के लिए फर्नांडो टोरेस ने 36वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
आठ मिनट बाद दागा बराबरी का गोल
लेकिन इसके बाद एटलेटिको मैड्रिड ने मुकाबले में जोरदार अंदाज में वापसी की। पहला गोल खाने के आठवें मिनट के बाद एड्रियन लोपेज ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।
डिएगो कोस्टा ने 60वें और एर्दा तूरन ने 72वें मिनट में गोल करके अपनी बढ़त को अजेय कर दिया और टीम को दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा दिया। इससे पहले दोनों टीमों में बीच पहले चरण का मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटा था।
एटलेटिको मैड्रिड और रियल के बीच खिताबी मुकाबला 24 मई की पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में खेला जाएगा।
फाइनल में पहुंचने में एटलेटिको को लगे 40 साल
एटलेटिको की टीम इससे पहले 1974 में यूरोपियन कप के फाइनल में पहुंची थी जहां उसे जर्मन क्लब बेयर्न म्यूनिख के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस तरह एटलेटिको की टीम 40 साल बाद इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है।
दुनिया की सबसे रईस फुटबॉल क्लबों में से एक रियल मैड्रिड ने इससे पहले मंगलवार को गत चैंपियन बेयर्न म्यूनिख को 4-0 से हराकर 13वीं बार इस चैंपियंस लीग के फाइनल में जगह बनाई थी।
रियल मैड्रिड ने रिकॉर्ड नौ बार यह खिताब जीता है। उसने आखिरी बार साल 2002 में खिताब जीता था।
रियल के पास खिताबी हैट्रिक लगाने का मौका
रियल मैड्रिड की कमाई एटलेटिको मैड्रिड से पांच गुना ज्यादा है लेकिन एटलेटिको के पास चैंपियंस लीग के साथ-साथ स्पेनिश टूर्नामेंट ला लीगा जीतने का भी बेहतरीन मौका है।
रियल ने हाल में बार्सिलोना को हराकर किंग्स क्लब जीता था और अब उसके पास 3 खिताब जीतने का मौका है। स्पेनिश टीम ला लीगा टूर्नामेंट में एटलेटिको से 6 अंक पीछे है।
अगर रियल मैड्रिड किंग्स क्लब के बाद चैंपियंस लीग और ला लीगा में खिताब जीत जाती है तो ऐसा करने वाली स्पेन की दूसरी टीम होगी। इससे पहले बार्सिलोना ने साल 2008-09 में तीनों खिताब जीते थे।