ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स मीट के दूसरे दिन उत्तराखंड के मनीष रावत ने 20 किलोमीटर पैदल चाल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खुद का बनाया रिकॉर्ड तोड़ा
इसके साथ ही मनीष ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पैदल वॉक पूरी करने के खुद के रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया। हरियाणा के करनाल में आयोजित एथलेटिक्स मीट के दूसरे दिन मनीष रावत ने 1 घंटा 26 मिनट में 20 किलोमीटर वॉक पूरी की।
1 नवंबर को दिल्ली में हुई ओपन नेशनल सीनियर एथलेटिक्ट चैंपियनशिप में मनीष ने यह रेस 1 घंटा 33 मिनट में पूरी कर स्वर्ण जीता था।
मूल रूप से गोपेश्वर से चार किलोमीटर दूर स्थित सगर गांव निवासी मनीष वर्ल्ड वॉकिंग चैंपियनशिप की 50 किलोमीटर पैदल वॉक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
साथ ही नॉर्थ जोन एथलेटिक्स में गोल्ड हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा मनीष ने सीनियर नेशनल एथलेटिक्स मीट की 50 किलोमीटर पैदल चाल में 2013 और 2014 में रजत पदक जीता था।