सात साल बाद गुरू द्रोण की नगरी देहरादून में सोमवार से ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता होने जा रही है।
सुबह साढ़े छह बजे से मुकाबलों की शुरुआत
देश भर से आए 400 से अधिक खिलाड़ी खिताब के लिए अपना दम दिखाते नजर आएंगे। परेड ग्राउंड स्थित बैडमिंटन हॉल में सुबह साढ़े छह बजे से क्वालीफाइंग मुकाबलों की शुरुआत होगी।
प्रतियोगिता का सोमवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल और समरवैली स्कूल में आगाज होगा। क्वालीफाइंग मुकाबलों के लिए रविवार को भी देश भर से आए खिलाड़ियों ने परेड ग्राउंड में जमकर अभ्यास किया।
सुबह साढ़े सात बजे से शाम सात बजे तक खिलाड़ी अभ्यास के लिए कोर्ट में पहुंचते रहे। वहीं दूसरी ओर मुख्य आयोजन स्थल तैयार करने का काम भी अंतिम दिन की शाम तक जारी रहा।
छह अगस्त को होगा टूर्नामेंट का उद्घाटन
टूर्नामेंट के आयोजन सचिव लोकेश ओहरी ने बताया कि सोमवार से क्वालीफाइंग मुकाबले शुरू होंगे, जबकि टूर्नामेंट का उद्घाटन छह अगस्त को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चार से छह अगस्त तक अंडर-17 और 19 वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले खेले जाएंगे। सात अगस्त से मुख्य ड्रा के मुकाबले शुरू होंगे, जबकि 10 अगस्त को खिताबी मुकाबले खेले जाएंगे।
परेड ग्राउंड में बालक वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले होंगे और समरवैली में बालिका वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे।