उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर ई अभिमन्यु ने अपने खेल से पश्चिम बंगाल रणजी वनडे टीम में भी जगह बना ली है। वहीं प्रियांशु खंडूड़ी के साथ क्रिकेट किट बनाने वाली कंपनी एसजी ने करार किया है।
अपने खेल से किया चयनकर्ताओं को प्रभावित
देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के संस्थापक आरपी ईश्वरन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अभिमन्यु ने पहली बार 2006 में इंडो-बांग्लादेश बार्डर ट्रॉफी में खेले। अपने खेल से पश्चिम बंगाल की अंडर-14, 16 और अंडर-19 टीम के सदस्य रहे अभिमन्यु ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
कोच बेहर इलाइट अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार शतक लगाकर पश्चिम बंगाल की रणजी टीम में जगह बनाई। अभिमन्यु को अंडर-19 वर्ल्ड कप की संभावित टीम में भी जगह मिली है।
एकेडमी के ही प्रियांशु खंडूड़ी हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 टीम से खेलते हैं। क्रिकेट सामग्री बनाने वाली कंपनी एसजी ने प्रियांशु से एक साल का करार किया है। इसके तहत उनको पूरा खेल किट कंपनी देगी।
ईश्वरन ने कहा कि वे एकेडमी ग्राउंड में रणजी और दिलीप ट्रॉफी मैच कराने का प्रयास करेंगे। इस दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अजय रात्रा, एनसीए के कोच अपूर्व देसाई, बीसीसीआई लेवल-बी कोच मनोज रावत, एसीए कोच रविंद्र नेगी मौजूद थे।