दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज का खिताब हासिल करने वाले 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' शोएब अख्तर की गेंदबाजी के आगे विपक्षी बल्लेबाजों के होश फाख्ता हो जाया करते थे।
लेकिन वह जितने ही खतरनाक गेंदबाज हुआ करते थे उतना ही उनका खराब व्यवहार होता था। क्रिकेट का मैदान हो या मैदान के बाहर वह अनुशासनहीनता के कारण लगातार बदनाम रहे हैं।
2011 में वनडे वर्ल्ड कप खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले शोएब अख्तर एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वह एक नाबालिग लड़की के साथ शादी करने को लेकर चर्चा में हैं।
नाबालिग लड़की के साथ निकाह करेंगे शोएब अख्तर
पूर्व क्रिकेटर और अब कमेंट्रेटर शोएब अख्तर शादी करने जा रहे हैं और उनकी शादी तय हुई है पाकिस्तान के हरीपुर जिले की एक नाबालिग लड़की के साथ।
पाकिस्तान के स्थानीय अखबारों के अनुसार अख्तर के परिजनों ने बताया कि वह 12 जून को अपने गृह नगर रावलपिंडी आएंगे। इसके बाद उनसे सलाह-मशविरा के बाद जून के तीसरे हफ्ते में निकाह की तारीख तय की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, शोएब अख्तर का परिवार पिछले साल हज यात्रा के दौरान हरीपुर के एक बिजनेसमैन मुश्ताक खान से मिला। और इस परिवार ने खान की पत्नी से 39 साल के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर के लिए योग्य लड़की ढूंढने की बात कही।
अख्तर की भावी दुल्हन ने दी है 12वीं की परीक्षा
इसके बाद मुश्ताक खान का परिवार शोएब अख्तर को अपना ही दामाद बनाने पर विचार करने लगा।
सूत्रों का कहना है कि हज यात्रा से पाकिस्तान लौटने के बाद दोनों परिवारवालों के बीच कई दौर की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के घरवाले 39 साल के शोएब अख्तर और 17 साल की रुबाब के साथ शादी तय करने को राजी हो गए।
रुबाब को क्रिकेट से कम ही लगाव है। रुबाब के तीन बड़े भाई हैं और एक छोटी बहन। रुबाब ने अभी 12वीं की परीक्षा दी है।
22 को होगी दावत-ए-वलीमा
सूत्र बताते हैं कि पूर्व क्रिकेटर और कमेंट्रेटर शोएब अख्तर की शादी से पहले मेहंदी कार्यक्रम 19 जून को रखा गया है। जबकि रुखस्तगी (विदाई) 20 को हरीपुर के बिलावल हॉल में होगी।
दावत-ए-वलीमा 22 जून को रावलपिंडी में आयोजित की जाएगी।
अख्तर ने अपने करियर की शुरुआत 1997 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपने ही गृहनगर रावलपिंडी में टेस्ट मैच खेलकर की थी। उन्होंने अपने करियर में कुल 46 टेस्ट, 163 वनडे मैचों के अलावा 15 ट्वंटी-20 मैच भी खेले हैं। अख्तर ने टेस्ट में 178, वनडे में 247 और टी-20 में 19 विकेट झटके हैं।