जिले में बच्चों के लापता होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
गद्दी खेड़ी रोड पर घर के बाहर से लापता हुई हुई दो मासूम बहनों का 8 दिन बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। वहीं, पहरावर गांव से एक और किशोर लापता हो गया।
पांच दिन पहले लापता हुए किशोर के मामले में पुलिस ने सोमवार रात को मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि बच्चियों के परिजनों ने उनका अपहरण होने की आशंका जताई है।
शहर और आसपास के इलाके से बच्चों के लगातार लापता होने के मामले में किसी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस के अनुसार पांच दिन पहले गांव पहरावर निवासी शिवकुमार का 14 साल का बेटा गली से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाशने के बाद सोमवार को देर रात परिजन सदर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।
8 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ
गद्दी खेड़ी रोड से 29 सितंबर की सुबह लापता हुई दोनों बहनों ईशु और शिवानी का 8 दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। पुलिस की टीम छापामारी के बाद भी खाली हाथ है। बता दें कि बिहार निवासी शशिकांत की पत्नी गायत्री देवी सब्जी मंडी में सामान लेने गई थी। उसकी दोनों बेटियां घर के बाहर खेल रही थीं। गायत्री वापस लौटी तो दोंनो लापता मिलीं।