भारत की स्टार बॉक्सर मैरी कॉम को टोक्यो ओलंपिक में प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें प्री क्वार्टर फाइनल में कोलंबिया की इंग्रिट वालेंसिया ने हराया था। मैच में हार कर बाहर होने के बाद मैरी कॉम ने रिजल्ट को लेकर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को सुबह मैरी कॉम ने ट्वीट कर कहा कि मैच शुरू होने से कुछ देर पहले बॉक्सिंग रिंग में उन्हें ड्रेस बदलने को कहा गया था।
छह बार की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने ट्वीट कर कहा, क्या कोई बता सकता है कि रिंग में ड्रेस क्या होगी। मुझसे प्री क्वार्टर की बाउट शुरू होने के एक मिनट पहले रिंग ड्रेस चेंज करने को कहा क्या कोई मुझे समझाएगा।
इससे पहले गुरुवार (29) जुलाई को कोलंबिया की इंग्रिट वालेंसिया के खिलाफ मुकाबले के बाद मैरी कॉम ने जजों के फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि वह अपने प्रतिद्वंदी के खिलाफ जीत गई हैं लेकिन जब जज के स्कोर देखे तो वह हैरान रह गईं।
मैच के बाद उन्होंने बात करते हुए कहा, मुझे लगा मैं जीत गई हूं, लेकिन जब कोच सोशल मीडिया और इंटरव्यू तक बात पहुंची तब जाकर पता चला कि मैं हार गई हूं। मैरी कॉम ने जज के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा मुझे उम्मीद है कि दुनिया ने देखा होगा मैं कैसा खेली।
वालेंसिया के खिलाफ मिली हार के बाद मैरी कॉम टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गईं। गुरुवार को हुए इस मुकाबले में मैरी कॉम ने दो बाउट जीती थीं। जबकि वालेंसिया तीन बाउट जीतने में सफल रहीं। जजों के अनुसार मैरी कॉम ने तीसरी और पांचवीं बाउट जीती थी।