एक शहर से कई प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरते हैं लेकिन एक गांव से एक-दो से ज्यादा प्रत्याशी विधानसभा चुनाव मैदान में उतरे, यह कम ही सुनने को मिलता है।
हैरानी की बात तो यह है कि सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में ही उनके खिलाफ उन्हीं के गांव के तीन प्रत्याशी टक्कर देने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इनमें करण सिंह, विक्रम और सतपाल शामिल है।
ये सभी निर्दलीय है और चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। यही नहीं इस विधानसभा सीट से 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। लेकिन रोहतक शहर के रहने वाले तीन प्रत्याशियों को छोड़ दिया जाए तो बाकी प्रत्याशी अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं।
61 में 28 प्रत्याशी रहते हैं शहर में
रोहतक जिले में चार विधानसभा सीट पर 61 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कुछ जीत के लिए पूरा जोर लगाए हुए हैं तो कुछ नामांकन के बाद मैदान में अपनी उपस्थिति तक दर्ज नहीं करा रहे हैं। रोहतक विधानसभा क्षेत्र के अलावा तीन सीटें और भी है लेकिन इन सीटों के 28 प्रत्याशी शहर में रहना ही पसंद करते हैं।