युवक पर पेट्रोल डालकर उसको आग के हवाले करने के आरोप में गन्नौर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने उक्त घटना को करीब तीन हफ्ते पहले अंजाम दिया था। तीन हफ्ते बीतने बाद पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मदीना निवासी प्रवीण ने बताया कि 27 अप्रैल को वह अपने साथी पवन मूलरूप से गांव खुबडू फिलहाल दिल्ली निवासी और विकास के साथ बीएसटी गन्नौर में गया था। उसने बताया कि उसकी पवन और विकास से किसी बात को लेकर झड़प हो गई थी। विकास ने गुस्से में आकर बाइक की टंकी से पेट्रोल निकालकर उसके ऊपर डाल दिया और पवन ने आग लगा दी। जिसके चलते गर्दन का ऊपरी हिस्सा और उसके हाथ जल गए। इस दौरान आरोपी मौका देखकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी परिजनाें को दी। परिजनों ने उपचार के लिए पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की तीन सप्ताह के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। गन्नौर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रवीण की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।